गाजीपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, माता-पिता और बहन से नाराज भाई बना कातिल
Triple Murder in Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से हैरान कर देने वाली खबर आई है। यहां एक युवक ने अपने ही माता पिता और बहन की हत्या कर दी। कारण बना जमीन में बहन को दी गई हिस्सेदारी।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
मौके पर जमा भीड़, फोटो: सोशल मीडिया
Ghazipur Triple Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में जमीन के विवाद ने बेटे को इतना क्रूर बना दिया कि उसने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से जान ले ली। शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलिया गांव में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने कुल्हाड़ी से अपनी मां, पिता और बहन की नृशंस हत्या कर दी।
हत्या के पीछे का कारण जमीन का विवाद बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान शिवराम यादव, जमुनी देवी और कुसुम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम अभय है जो मृतक शिवराम का बेटा है। बताया जा रहा है कि शिवराम यादव के पास तकरीबन तीन बीघा जमीन थी। इसमें से उन्होंने अपनी बेटी कुसुम के नाम 15 बिस्वा जमीन कर दी थी। इसी बात से परिवार में विवाद चल रहा था।
भाई को नहीं पसंद था बहन का मायके में रहना
कुसुम की शादी लगभग 15 साल पहले हुई थी लेकिन पति से अनबन के चलते वह मायके में ही रहने लगी। इसके बाद करीब उसकी दूसरी शादी भी करवाई गई पर वह फिर से मायके लौट आई थी। भाई अभय को बहन का मायके में रहना और जमीन का हिस्सा मिलना दोनों ही बातें नागवार लगती थीं।
सम्बंधित ख़बरें
अयोध्या में नया मंदिर विवाद, फर्जी दस्तावेजों से कब्जे की हुई साजिश; चंपत राय पर लगे गंभीर आरोप
ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी, बेंगलुरु में मचा हड़कंप; पुलिस हाई अलर्ट पर
अयोध्या में वकीलों ने काटा बवाल! पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर थाने में घुसी भारी भीड़, चंपत राय पर दर्ज होगी FIR
यूपी में बंपर सरकारी नौकरी: 13,116 पंचायत सचिवों की होगी सीधी भर्ती, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
लोगों की मानें तो रविवार की सुबह इसी मुद्दे पर एक बार फिर घर में कहासुनी हुई। इसके बाद अभय ने आपा खो दिया। उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पहले अपनी मां और पिता पर हमला किया और फिर बहन को भी दौड़ा-दौड़ाकर मौत के घाट उतार दिया। शोरगुल सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने लहूलुहान शव देखे और आरोपी को भागते हुए देखा।
यह भी पढ़ें: ‘वाजपेयी की BJP अलग थी अब पहले जैसी…’ कांग्रेस का PM पर निशाना, बताई रणनीति
मौके से कुल्हाड़ी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी डॉ. ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सीओ सिटी शेखर सिंगर समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। गांव के लोग स्तब्ध हैं कि मामूली जमीन विवाद का अंत इतना भयानक हो सकता है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश कर रही है और हत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
