योगी सरकार के खिलाफ सड़क पर कांग्रेस (Image- Social Media)
UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर सोमवार को कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
करीब 500 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस, RAF और PAC के 200 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन पहले से अलर्ट पर था। कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और PAC व RAF के जवान ट्रकों से मौके पर पहुंचाए गए।
बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया समेत प्रदेशभर के 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया, जो लखनऊ आने की तैयारी में थे। रायबरेली में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी की इस दौरान पुलिस से बहस भी हुई। हरदोई में रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ाकर हिरासत में लिया।
अजय राय ने कहा कि मनरेगा खत्म करने की कथित योजना, शंकराचार्य और माता अहिल्याबाई होल्कर के अपमान के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा, “हम विधानसभा का घेराव करेंगे। पुलिस हमें रोक नहीं पाएगी। बैरिकेडिंग टूटेगी।”
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार में अपराध लगातार बढ़ रहा है। पार्टी का कहना है कि सरकार जाति और धर्म के आधार पर दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों को निशाना बना रही है और अपराधियों को संरक्षण दे रही है।
यह भी पढ़ें- एप्स्टीन से था जुड़ा था 2010 में सिब्बल को मिला पुरस्कार, बीजेपी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कांग्रेस भड़की
गौरतलब है कि एक साल पहले भी विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत हो गई थी। अजय राय ने तब आरोप लगाया था कि पुलिस की पिटाई के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल लखनऊ में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कड़ी निगरानी रखे हुए है।