प्रयागराज की गौशाला में गोवंश की बदहाली; 4 महीने से नहीं आया भूसा, भड़के मंडलायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Inspection Of Badi Kati Gaushala: बड़ी काटी गौशाला में जब मंडलायुक्त निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां गंदगी, जलभराव और भूसे की कमी मिली। इस पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
Prayagraj Gaushala Inspection Poor Cow Care Four-Month Fodder Shortage Expose
बड़ी काटी गांव स्थित गौशाला(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Divisional Commissioner Inspection Of Prayagraj Gaushala: जसरा ब्लॉक के बड़ी काटी गांव स्थित गौशाला में व्याप्त अव्यवस्थाओं ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी। सोमवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने गौशाला का औचक निरीक्षण किया तो मौके पर व्यापक गंदगी, जलभराव, अवरुद्ध नालियां और गोवंश के रखरखाव में गंभीर लापरवाही मिली। स्थिति देखकर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

गोबर-कूड़े से पटे परिसर में मिले गोवंश

निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में जगह-जगह गोबर, सिल्ट और कूड़ा जमा मिला। नालियां अवरुद्ध थीं और बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी व गीलापन था। गोवंश के बैठने के स्थान भी गंदे और स्वच्छहीन पाए गए। कई गोवंश खुले में घूमते मिले, जबकि कुछ घायल अवस्था में थे। उनके उपचार और देखभाल की समुचित व्यवस्था भी मौके पर नहीं मिली।

मंडलायुक्त निरीक्षण करने पहुंचे
मंडलायुक्त निरीक्षण करने पहुंचे(सोर्स- फोटो नवभारत)

चार महीने से नहीं पहुंचा भूसा

गौशाला कर्मचारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि उन्हें कई माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। पिछले चार माह से भूसे की आपूर्ति भी नहीं हुई है और वर्तमान में करीब दस दिन का ही भूसा बचा है। कर्मचारियों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें मिलने वाला मानदेय मनरेगा के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है। कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर मंडलायुक्त ने जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई।

एडीओ पंचायत और सीवीओ पर कार्रवाई की तैयारी

गौशाला की गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित सहायक विकास अधिकारी पंचायत और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के निलंबन की कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल निलंबित करने को कहा गया। पूर्व में सभी गौशालाओं में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देशों का पालन न होने पर मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

सभी गौशालाओं की होगी जांच

मंडलायुक्त ने बारिश और गौशाला की बदहाल स्थिति को देखते हुए गोवंश को तत्काल सुरक्षित, सूखे और पर्याप्त सुविधाओं वाले स्थान पर स्थानांतरित करने का आदेश दिया। उन्होंने जिलाधिकारी को जिले की सभी गौशालाओं का सत्यापन और स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा। जहां जलभराव या अन्य अव्यवस्था मिले, वहां गोवंश को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

Prayagraj Gaushala Inspection Poor Cow Care Four-Month Fodder Shortage Expose
यूपी में एक्सप्रेसवे नेटवर्क को मिलेगी रफ्तार, ₹18,400 करोड़ से बनेंगे 5 नए लिंक और कॉरिडोर

हाईवे पार कर स्कूल जाते हैं बच्चे

गौशाला से लौटते समय मंडलायुक्त ने बड़ी काटी गांव में बच्चों की भीड़ देखी। जानकारी करने पर पता चला कि प्राथमिक विद्यालय गांव से करीब एक किलोमीटर दूर है और बच्चों को राजमार्ग पार करके स्कूल जाना पड़ता है। हाल में हाईवे पार करते समय दो बच्चों के घायल होने के बाद कई छोटे बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।

शिक्षामित्र संभालेंगे बच्चों की सुरक्षा

बच्चों की अनुपस्थिति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएसए को एक शिक्षामित्र की ड्यूटी लगाने को कहा जो बच्चों को गांव से राजमार्ग पार कराकर सुरक्षित स्कूल पहुंचाएगा और छुट्टी के बाद उन्हें वापस गांव तक छोड़ेगा।

Prayagraj Gaushala Inspection Poor Cow Care Four-Month Fodder Shortage Expose
किशोरी की बरामदगी को लेकर व्यापारियों का फूटा गुस्सा, थाने पहुंचकर पुलिस से की कार्रवाई की मांग
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com