मेरठ में कार्यक्रम को संबोधित करते पीएम मोदी। इमेज-सोशल मीडिया
PM Modi Meerut Visit News : उत्तर प्रदेश की क्रांतिधरा मेरठ आज एक बार फिर ऐतिहासिक पलों की गवाह बनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां न केवल 12,930 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, बल्कि मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली-मेरठ के सफर को केवल 55 मिनटों में समेट दिया। लेकिन इस विकास उत्सव के बीच पीएम मोदी का एक अलग ही रौद्र रूप देखने को मिला, जब उन्होंने दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई समिट के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला।
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूरा देश गर्व से भरा था कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन कर रहा है, लेकिन कांग्रेस के बेलगाम नेताओं ने विदेशी मेहमानों के सामने गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो पहले से जानता है कि आप नंगे हो, फिर कपड़े उतारकर देश की छवि खराब करने की क्या जरूरत थी?
पीएम मोदी ने कांग्रेस को वैचारिक रूप से दरिद्र बताते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन के अन्य दल जैसे टीएमसी, डीएमके या बसपा इस पाप में शामिल नहीं थे, केवल कांग्रेस ही देश को तबाह करने पर तुली है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है तो लोगों के दिल जीतने होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक होते हुए कहा कि गांव में भी जब कोई मेहमान आता है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जुट जाता है, लेकिन कांग्रेस अपने ही देश को बदनाम कर रही है। उन्होंने कहा, “इन्हें मोदी से नफरत है, ये मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को गाली देने से भी इन्हें परहेज नहीं है। ये सब हम सह लेंगे, लेकिन एआई समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, वो देश के सम्मान का कार्यक्रम था। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि ऐसी हरकतों के लिए विपक्ष शब्द का इस्तेमाल न करें, क्योंकि कांग्रेस के इस रवैये से उसके साथी दल भी अब किनारा कर रहे हैं।
इससे पहले मेरठ पहुंचने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम का स्वागत किया। रैपिड रेल की खूबियां बताते हुए कहा गया कि सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच 13 स्टेशनों वाला यह सफर अब बेहद आसान होगा।
प्रधानमंत्री @narendramodi ने मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया प्रधानमंत्री ने भारत की पहली नमो भारत आरआरटीएस का उद्घाटन भी किया देखिए:📽️ pic.twitter.com/RvMNqWHH4q — पीआईबी हिंदी (@PIBHindi) February 22, 2026
यह भी पढ़ें : मेरठ से दिल्ली अब सिर्फ 55 मिनट में, PM मोदी और CM योगी आज दिखाएंगे मेट्रो को हरी झंडी
MSME को नई ताकत : अब छोटे कारीगर और बुनकर ₹10 लाख से अधिक का सामान भी बिना सीमा के कोरियर से विदेश भेज सकेंगे। इससे मेरठ की कैंची, स्पोर्ट्स गुड्स और खुर्जा की क्राकरी को वैश्विक पहचान मिलेगी।
चौधरी चरण सिंह का सम्मान : पीएम ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देना उनकी सरकार का सौभाग्य है, जिन्होंने हमेशा किसानों और छोटे उद्योगों का विजन देखा।
मोदी का यह दौरा केवल मेट्रो का उद्घाटन नहीं था, बल्कि विकास की रफ्तार और राजनीति की मर्यादा के बीच एक स्पष्ट लकीर खींचने का प्रयास था। उन्होंने साफ कर दिया कि भारत को ग्लोबल पावर बनाने के सफर में विकास की पटरी पर कोई भी रोड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।