नोएडा के सेक्टर-63 में गारमेंट्स फैक्ट्री में भीषण आग, तीन इमारतों को लिया चपेट में, मची अफरा-तफरी
Noida Garments Factory Fire: नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक गारमेंट्स कंपनी में शनिवार को भीषण आग लग गई, जिसने पास की तीन इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
गारमेंट्स कंपनी आग, फोटो (सो. IANS)
Garments Factory Fire Noida News In Hindi: शनिवार को नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक गारमेंट्स कंपनी में भीषण आग लग गई, जिसने तेजी से फैलकर आसपास की तीन अन्य इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि उसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था। जिसके कारण पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया।
भीषण आग से तीन इमारतें प्रभावित
मिली जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले एक गारमेंट्स कंपनी के परिसर में लगी थी लेकिन अचानक भड़की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की अन्य बिल्डिंगों में भी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रभावित इमारतों के साथ-साथ आसपास की बिल्डिंगों को भी एहतियात के तौर पर तत्काल खाली कराया गया।
दमकल की दर्जनभर गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आईं। आग की विकरालता को देखते हुए करीब एक दर्जन फायर टेंडर्स को मौके पर भेजा गया। फायर कर्मी भारी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस बल ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया है ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। अधिकारियों के अनुसार, मुख्य प्राथमिकता आग को आगे बढ़ने से रोकने की है ताकि अन्य औद्योगिक इकाइयों को नुकसान न पहुंचे।
सम्बंधित ख़बरें
‘विशाल’ बनकर दो हिंदू युवतियों से शादी के मामले में गरमाई सियासत, महिला आयोग और हिंदू संगठन ने उठाए सवाल
फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रैक के बीच बनी मजार हटाई गई, दो साल बाद खुला स्टेशन विस्तार का रास्ता
बालाघाट: माइक्रो सिंचाई परियोजना के पंप हाउस में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर खाक, जांच में जुटी पुलिस
यूपी में बंपर सरकारी नौकरी: 13,116 पंचायत सचिवों की होगी सीधी भर्ती, तीन चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
कोई हताहत नहीं
मिली खबर के अनुसार, सबसे अधिक राहत की बात यह है कि समय रहते सभी कर्मचारियों और परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग के कारण गारमेंट्स कंपनी और अन्य इमारतों में रखे करोड़ों के माल और मशीनरी के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें:- आजम खान दोषी करार: रामपुर अदालत का बड़ा फैसला, तनखइया वाले विवादित बयान में बढ़ी मुश्किलें, 2 साल की सजा
शॉर्ट सर्किट की आशंका
आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देख रहे हैं। दमकल विभाग और पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी, जिससे स्पष्ट हो सके कि आग लगने की मुख्य वजह क्या थी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और भीड़ को घटनास्थल से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है ताकि दमकल गाड़ियों की आवाजाही सुचारू रूप से बनी रहे।
