सब्जी मंडी में शॉर्ट सर्किट से आग, सिलेंडर भी भड़का, नागरिकों की तत्परता से बड़ा अनर्थ टला

पुराना शहर की सब्जी मंडी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे पास में रखे गैस सिलेंडर ने भी भड़क उठी। स्थानीय नागरिकों की तत्परता से बड़ा अनर्थ टल गया।
akola-1688
Published on
Updated on

Akola News: अकोला पुराना शहर पुलिस स्टेशन क्षेत्र की सब्जी मंडी में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में रखे गैस सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. इस घटना से मंडी परिसर में अफरातफरी मच गई. सब्जी मंडी के एक दूकान में विद्युत वायरिंग में खराबी के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ.

उससे निकली चिंगारी से दूकान में रखी ज्वलनशील वस्तुओं में आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग समीप के दूकानों तक फैल गयी. इसी दौरान सिलेंडर भी भड़कने से भय का वातावरण निर्माण हुआ. परिसर में धुआं फैलने से नागरिकों में घबराहट फैल गई. लेकिन स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए पानी की बाल्टियां, रेत और उपलब्ध साधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.

उनके साहस और समय पर किए गए प्रयासों से आग और अधिक फैलने से रोकी जा सकी. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचा. जवानों ने स्थिति का आकलन कर विशेष सावधानी बरतते हुए आग पर नियंत्रण पाया. सिलेंडर से बढ़े खतरे को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती गई. कुछ समय के अथक प्रयासों के बाद आग पूरी तरह काबू में लाई गई. इस घटना से पुराना शहर सब्जी मंडी परिसर में हड़कंप मच गया था. नागरिकों की तत्परता और धैर्य की सर्वत्र सराहना हो रही है. प्रशासन ने भी माना कि समय पर किए गए प्रयासों से बड़ा अनर्थ टल गया.

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com