राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद बांके बिहारी मंदिर में ऑनलाइन दान व्यवस्था मजबूत, लगाए गए QR कोड
Banke Bihari Temple Arrangement: बांके बिहारी मंदिर में दान व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ऑनलाइन दान प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में QR कोड और SBI मशीनें लगाई गई हैं।
- Written By: स्निग्धा श्रीवास्तव
कमेटी के उपाध्यक्ष मुकेश मिश्रा (सोर्स-सोशल मीडिया)
Digital Donation In Banke Bihari Temple: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ऑनलाइन दान प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन ने दान पेटिकाओं (गोलक) पर क्यूआर कोड लगाए हैं, जिससे श्रद्धालु अब डिजिटल माध्यम से आसानी से दान कर सकेंगे।
SBI की मशीन स्थापित की गई
मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी भी श्रद्धालुओं को ऑनलाइन दान करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। ऑनलाइन दान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए मंदिर कार्यालय में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मशीन स्थापित की गई है, जबकि जल्द ही एक और मशीन लगाए जाने की तैयारी है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति मंदिर परिसर में विभिन्न स्थानों पर ऑनलाइन दान संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाने जा रही है।
कमेटी के उपाध्यक्ष मुकेश मिश्रा का बयान
हाई पावर कमेटी के उपाध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने बताया कि चढ़ावे में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। पिछले चार महीनों में ऑनलाइन दान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्तमान में मंदिर को प्राप्त होने वाले कुल दान का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से आ रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विकास प्रदर्शनी का आयोजन, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया उद्घाटन
2027 में फिर मिलेगा जनता का समर्थन: केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर जयंत चौधरी ने गिनाईं उपलब्धियां
खून से CM योगी को लिखा पत्र! श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे पर उठे बड़े सवाल, देखें VIDEO
Mathura: ब्रज में आस्था का महासंगम, अधिकमास के दौरान 2.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने पूरी की ऐतिहासिक परिक्रमा
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: SIT की बड़ी कार्रवाई, टिन्नू यादव समेत कई आरोपियों पर गिर सकती है गाज
चोरी रोकने के लिए किए गए बदलाव
मंदिर प्रबंधन ने दान संग्रह व्यवस्था में भी बदलाव किए हैं। पहले कुछ कर्मचारी दान पेटिकाओं पर डलिया, फूल-माला या चुनरी रखकर श्रद्धालुओं से सीधे नकद राशि लेते थे, जिससे अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती थीं। इस व्यवस्था को समाप्त करने के लिए दान पेटिकाओं का आकार बदला गया है और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अप्रैल में केनरा बैंक के कर्मचारी अभिनव सक्सेना को दान राशि की गणना के दौरान 9.38 लाख रुपये चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर बैंक सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इससे पूर्व भी मंदिर के तीन भंडारी चोरी के मामलों में पकड़े जा चुके हैं, जिन्हें सेवा से हटा दिया गया था।
तीन माह में 4.90 करोड़ रुपये का चढ़ावा
मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के बीच दान राशि में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष मार्च, अप्रैल और मई माह में ही मंदिर को कुल 4.90 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ है।
