मैनपुरी में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से सरेराह मारपीट; वर्दी फाड़ी और बरसाए घूंसे, तीन गिरफ्तार

Mainpuri Viral Video: मैनपुरी में बिना नंबर प्लेट की बाइक रोकने पर ट्रैफिक हेड कांस्टेबल से मारपीट का आरोप लगा, वर्दी फाड़ने और गला दबाने की कोशिश का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने 3 को गिरफ्तार किया।
Mainpuri Traffic Policeman Assaulted During Vehicle Check Arrested
ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Assault On Mainpuri Traffic Police Personnel: यूपी पुलिस के इकबाल और कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे तमाम दावों के बीच मैनपुरी से सामने आया एक मामला पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। यहां बिना नंबर प्लेट की बाइक को रोककर यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देना एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी को भारी पड़ गया। आरोप है कि बाइक सवार दो भाइयों और उनके साथ पहुंचे लोगों ने सरेराह पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी गई और मुंह पर कई घूंसे मारे गए। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और हंगामा होता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद घायल हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

Mainpuri Traffic Policeman Assaulted During Vehicle Check Arrested
मेरठ के सोहराब गेट बस अड्डे का होगा कायाकल्प, दो साल में बनेगा एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला आधुनिक हब

नो एंट्री खुलने से पहले शुरू हुई थी चेकिंग

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह नो एंट्री खुलने से पहले वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से चेकिंग की जा रही थी। कुरावली रोड स्थित अटल चौक पर यूपी ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल यादवेंद्र सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान करीब 10 बजे बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए।

हेड कांस्टेबल ने बाइक को रुकवाकर युवकों से नंबर प्लेट और हेलमेट के संबंध में जानकारी मांगी। पुलिसकर्मी ने उन्हें यातायात नियमों का हवाला देते हुए नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

हिदायत से भड़के युवक, शुरू कर दी अभद्रता

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार पीयूष यादव उर्फ चुन्नू और उसका भाई विवेक इस बात पर नाराज हो गए। दोनों ने पुलिसकर्मी से गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला कहासुनी से मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि इसी दौरान पीयूष के पिता गजराज समेत कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद हेड कांस्टेबल यादवेंद्र सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोपियों ने उनकी वर्दी तक फाड़ दी। इस दौरान सड़क पर करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। अचानक हुई मारपीट से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

Mainpuri Traffic Policeman Assaulted During Vehicle Check Arrested
सड़कों पर पानी बना मुसीबत तो नाव लेकर उतरे बाल योगी; प्रशासन से की जलनिकासी की मांग, तीन दिन का दिया अल्टीमेटम

गला दबाने का भी आरोप

पुलिसकर्मी के साथ मारपीट के दौरान आरोपियों द्वारा उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में हेड कांस्टेबल घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पूरी घटना किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी की ड्यूटी और कानून का पालन कराने की कोशिश के दौरान उसके साथ हुई मारपीट को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

17 लोगों पर मुकदमा, तीन गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस ने कुल 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एक ओर पुलिस प्रशासन अपराधियों और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी के साथ सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की मारपीट का वीडियो सामने आना चिंता बढ़ाने वाला है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com