मथुरा सड़क हादसा: सफाई कर्मचारियों का फूटा आक्रोश, भरतपुर गेट पर शव रखकर चौराहा जाम, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप

Mathura Sanitation Worker Accident: मथुरा में ट्रैक्टर की टक्कर से सफाईकर्मी की मौत के बाद आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने भरतपुर गेट चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
Mathura Sanitation Worker Accident
मथुरा में सफाईकर्मी की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क किया जामसोर्स- नवभारत लाइव
Published on
Updated on

Mathura Bharatpur gate protest News: मथुरा में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयगुरुदेव मंदिर के समीप शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नगर निगम के सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश की मौत के बाद मामला गरमा गया है। हादसे से आक्रोशित परिजनों और साथी सफाई कर्मचारियों ने भरतपुर गेट चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के चलते यातायात प्रभावित हो गया।

जयगुरुदेव मंदिर के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे नगर निगम का सफाई कर्मचारी ओमप्रकाश हाईवे पर सफाई कार्य के लिए जा रहा था। बताया गया कि जयगुरुदेव मंदिर के समीप पहुंचने के दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान मृतक के परिजन और नगर निगम के साथी सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।

चौराहे पर शव के साथ बैठे प्रदर्शनकारी

परिजनों और सफाई कर्मचारियों का कहना था कि जब तक नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर बातचीत नहीं करते, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी शव को लेकर भरतपुर गेट चौराहे पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम लगते ही दोनों ओर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन से रखीं ये मांगें

चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और सफाई कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और मृतक के परिवार को उचित सहायता तथा घटना के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा की भी मांग

सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे सड़क पर सफाई के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की भी मांग करेंगे। उनका कहना था कि हाईवे पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Mathura Sanitation Worker Accident
प्रयागराज-रीवा हाईवे पर दर्दनाक हादसा; मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो महिलाओं की मौत

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, भरतपुर गेट पर प्रदर्शन के कारण बने जाम को खुलवाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि साथी सफाई कर्मचारियों में भी रोष व्याप्त है।

Navbharat Live
navbharatlive.com