

Protest Against Waterlogging In Agra: कुछ दिन पहले एक सभा के दौरान विधायक छोटेलाल वर्मा के कथित हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। अब वही गांव बारिश के पानी में डूबा नजर आ रहा है। फतेहाबाद की ग्राम पंचायत मेवली खुर्द में जलभराव की समस्या को लेकर बाबा बाल योगी ग्रामीणों के साथ नाव लेकर पानी के बीच पहुंच गए। उन्होंने नाव चलाकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया और प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से जल्द जलनिकासी की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के रास्तों पर करीब एक महीने से पानी भरा हुआ है। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई। पानी भरने के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित है। बच्चों और बुजुर्गों को भी पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद जल निकासी के लिए ठोस इंतजाम नहीं किए गए।
इसी समस्या को लेकर बाल योगी ग्रामीणों के साथ नाव लेकर जलभराव वाले रास्ते पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब गांव के रास्तों पर पानी भरा है और ग्रामीण परेशान हैं तो जिम्मेदार लोगों को मौके पर आकर स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय विधायक छोटेलाल वर्मा पर भी निशाना साधा और कहा कि यदि तीन दिन के भीतर गांव से पानी नहीं निकाला गया तो आंदोलन किया जाएगा।
बाल योगी इससे पहले भी अपने अनोखे और आक्रामक विरोध प्रदर्शनों के कारण चर्चा में रहे हैं। कभी वह विद्युत टोरेंट कंपनी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करते दिखाई देते हैं तो कभी सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज को लेकर तीखी टिप्पणी कर मेडिकल कॉलेज की अवस्थाओं का खुलासा करते हुए दिखाई देते हैं। इस बार उन्होंने जलभराव को लेकर नाव को ही विरोध का माध्यम बना लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जलभराव केवल बारिश के समय की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई परेशानी है। पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश के बाद हालात बिगड़ जाते हैं।
अब ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। नाव के जरिए किया गया यह विरोध अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।