‘पापा की शादी रुकवा दो’, यूपी में 55 साल के पिता को चढ़ा 7वीं शादी का खुमार, बेटे ने थाने में लगाई गुहार
Uttar Pradesh Seventh Marriage Case: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटे ने अपने 55 वर्षीय पिता की सातवीं शादी रुकवाने के लिए पुलिस से मदद मांगी है।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
पिता की शिकायत लेकर थाने पहुंचा बेटा शनि, फोटो- सोशल मीडिया
Azamgarh Father-Son Dispute: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने सामाजिक ताने-बाने और पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह कहानी एक ऐसे बेटे की है, जो अपनी किताबों और भविष्य को संभालने की उम्र में अपने ही पिता के खिलाफ थाने की चौखट पर खड़ा होने को मजबूर हो गया है।
मामला अहरौला थाना क्षेत्र का है, जहां 55 साल के एक शख्स पर सातवीं बार दूल्हा बनने का जुनून इस कदर सवार है कि उसने अपने घर की आखिरी बची हुई संपत्ति को भी दांव पर लगा दिया है। यह सिर्फ एक शादी का विवाद नहीं है, बल्कि एक किशोर की अपने अस्तित्व और अपने हक को बचाने की आखिरी कोशिश है।
अमरजीत ने पहले से कर रखी हैं 6 शादियां
इस पूरे मामले के केंद्र में है 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य, जो अब तक छह शादियां कर चुका है। उसके नाबालिग बेटे शनि मौर्य ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में जो दर्द बयां किया है, वह किसी को भी झकझोर सकता है। शनि के मुताबिक, उसके पिता की शादी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनि की अपनी मां अमरजीत की तीसरी पत्नी थीं।
सम्बंधित ख़बरें
इफ्तार पार्टी कर गंगा में हड्डियां फेंकने वाले आठों आरोपियों को बेल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दी सशर्त जमानत
फतेहपुर के मकान में बड़ा ब्लास्ट! गैस लीक होने से लगी आग, 9 लोग बुरी तरह झुलसे
हफ्तेभर बाद सस्पेंस खत्म, योगी कैबिनेट में बंटे विभाग, सपा से आए मनोज पाण्डेय को क्या मिला? अखिलेश ने कसा तंज
Uttar Pradesh: कैबिनेट विस्तार के बाद एक्शन में CM योगी, कल बुलाई बड़ी बैठक; नए मंत्रियों को सौंपेंगे विभाग!
पिता के वैवाहिक जीवन का इतिहास इतना उलझा हुआ है कि 2024 में की गई उनकी छठी शादी भी टिक नहीं सकी। बताया जा रहा है कि छठी पत्नी ने जमीन और गहनों की मांग की थी और जब मांग पूरी नहीं हुई, तो वह घर छोड़कर चली गईं। अब अमरजीत एक बार फिर सातवीं शादी के लिए बेताब हैं और इसके लिए उन्होंने बिचौलियों से संपर्क साध लिया है।
‘पढ़ाई छोड़ मजदूरी की, अब खेत भी बिक जाएंगे’, बेटे ने बयां की दास्तां
शनि मौर्य अभी 12वीं कक्षा का छात्र है और इन दिनों अपनी यूपी बोर्ड परीक्षाओं में व्यस्त है। उसका आरोप है कि उसके पिता ने घर की माली हालत को इतना खराब कर दिया है कि उसे अपनी पढ़ाई बीच में छोड़कर मजदूरी करने के लिए बाहर जाना पड़ा था। शनि का कहना है कि उसने मेहनत करके कई बार अपने पिता द्वारा लिया गया कर्ज भी चुकता किया है।
अब उसके सामने सबसे बड़ा संकट यह है कि अमरजीत सातवीं शादी का खर्च जुटाने के लिए घर की बची-खुची जमीन बेचने की तैयारी कर रहे हैं। आरोप है कि पिता ने जमीन बेचने के लिए किसी खरीदार से 50 हजार रुपये का एडवांस भी ले लिया है। बेटे को डर है कि अगर यह जमीन भी हाथ से निकल गई, तो उसके पास सिर छिपाने की जगह भी नहीं बचेगी।
पिता की दलील: ‘बेटा बात नहीं मानता, इसलिए ले रहा हूं फैसला’
जब यह मामला पुलिस तक पहुंचा और चर्चा का विषय बना तो अमरजीत मौर्य ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने स्वीकार किया कि वे अब तक छह शादियां कर चुके हैं, लेकिन उनका तर्क है कि उनका बेटा उनकी बात नहीं सुनता और उनकी सेवा नहीं करता। पिता का कहना है कि इसी अकेलेपन और बेटे के व्यवहार की वजह से वे सातवीं शादी करने का कदम उठा रहे हैं।
पुलिस की तफ्तीश और कानूनी उलझन: अब आगे क्या होगा?
इस मामले पर यूपी पुलिस प्रशासन ने भी अपनी नजरें टिका दी हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान उन्हें यह प्रार्थना पत्र मिला था। शुरुआती जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि विवाद के पीछे वरासत और भूमि बंटवारे का पेच भी फंसा हुआ है।
यह भी पढ़ें: मार्च में ही ‘लू’ का टॉर्चर और 8 राज्यों में बारिश की संभावना, मौसम विभाग की नई चेतावनी ने बढ़ाई धड़कनें!
पुलिस का कहना है कि वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह वाकई केवल शादी का मामला है या फिर इसके पीछे जमीन हड़पने की कोई बड़ी साजिश है। फिलहाल, शनि की शिकायत पर पुलिस छानबीन कर रही है और आने वाले दिनों में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
