Agra Road Accident: आगरा में तेज रफ्तार का कहर: कैंटर ने कार को 100 मीटर तक घसीटा, दो लोगों की दर्दनाक मौत

Agra Road Accident: आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कैंटर और कार की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद कैंटर कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा।
Two Killed in Head-On Collision Between Canter and Car in Agra, Driver Flees
सड़क हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Agra-Fatehabad Road Accident: आगरा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है, लेकिन लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला फतेहाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

तेज रफ्तार कैंटर और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत

जानकारी के अनुसार, थाना फतेहाबाद क्षेत्र के बाबा की तिवरिया के पास तेज रफ्तार कैंटर और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

परिजनों को दी गई सूचना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने के लिए कटर की मदद से कार को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त व उनके परिजनों को सूचना दी गई।

सड़क हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही और तेज रफ्तार कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com