जबलपुर-नरसिंहपुर हाईवे हादसे पर बवाल: सड़क पर शव रखकर चक्काजाम, परिजनों ने लगाया 'प्री-प्लांड मर्डर' का आरोप

Pawla Village Protest : जबलपुर-नरसिंहपुर हाईवे हादसे के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया। घटना को प्री-प्लांड मर्डर बताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
Jabalpur Narsinghpur Highway Accident Protest
प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jabalpur Narsinghpur Highway Accident Protest: जबलपुर-नरसिंहपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिजनों और ग्रामीणों ने पावला गांव तिराहे पर भोपाल-जबलपुर हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हाईवे पर उतरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मृतकों के परिजनों ने इस घटना को सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए इसे 'प्री-प्लांड मर्डर' बताया। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश और कथित रेत माफिया की साजिश के तहत तेज रफ्तार हाइवा से युवकों को जानबूझकर कुचलवाया गया। परिजनों ने दावा किया कि घटना के पीछे सोची-समझी साजिश है और इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो दोषी बच सकते हैं।

रविवार रात हुआ था दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम नौरादेही रानी दुर्गावती अभयारण्य क्षेत्र के पास सड़क किनारे खड़े 7 से 8 युवकों को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में अब तक पांच युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

कई घंटे बाद भी हाइवा और चालक का सुराग नहीं

हादसे के करीब कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस हाइवा और उसके चालक का पता नहीं लगा सकी है। इसे लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जबलपुर और नरसिंहपुर जिले की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सनसनीखेज श्रेणी में लेकर जांच की जा रही है तथा हर पहलू की निष्पक्ष जांच होगी।

रेत माफिया पर लगाए गंभीर आरोप

परिजनों ने कथित रेत माफिया आनंद सिंह पर युवकों की हत्या करवाने की आशंका जताई है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और फरार हाइवा चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com