वंदे भारत स्लीपर का जलवा! बुकिंग खुलते ही 'हाउसफुल' हुई ट्रेन, कुछ ही घंटों में बिक गए सारे टिकट

Indian Railway: रेल मंत्रालय के मुताबिक, पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 22 जनवरी 2026 से कामाख्या से और 23 जनवरी 2026 से हावड़ा से अपनी पहली व्यावसायिक यात्रा शुरू करेगी।
vande bharat sleeper train
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Vande Bharat Sleeper Train: हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उद्घाटन की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को यात्रियों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और इसकी टिकट बुकिंग खुलने के कुछ ही घंटों के अंदर पूरी भर गई। यह जानकारी रेल मंत्रालय की ओर से मंगलवार को दी गई।

देश में वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कामाख्या और हावड़ा के बीच चलेगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 17 जनवरी 2026 को हरी झंडी दिखाई गई थी।

रेल मंत्रालय ने दी जानकारी

रेल मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि कामाख्या (केवाईक्यू) और हावड़ा (एचडब्ल्यूएच) के बीच चलने वाली वंदे भारत शयनयान रेलगाड़ी (रेलगाड़ी संख्या 27576) की पहली व्यावसायिक यात्रा को यात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। पीआरएस और अन्य साइटों के माध्यम से टिकट बुकिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर सभी सीटें बुक हो गईं। रेल मंत्रालय के मुताबिक, पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 22 जनवरी 2026 से कामाख्या से और 23 जनवरी 2026 से हावड़ा से अपनी पहली व्यावसायिक यात्रा शुरू करेगी। इस नई रेल सेवा के लिए टिकट बुकिंग 19 जनवरी 2026 को सुबह 8:00 बजे शुरू हुई। 24 घंटे से भी कम समय में सभी श्रेणियों के टिकट पूरी तरह बिक गए, जो इस प्रीमियम सेमी-हाई-स्पीड रेल सेवा के प्रति जनता के जबरदस्त उत्साह को दर्शाता है।

यात्रियों के प्रतिक्रिया से गदगद रेलवे

रेलवे ने बयान में आगे कहा कि अपनी पहली ही व्यावसायिक यात्रा में मिली इस शानदार प्रतिक्रिया से यात्रियों की तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक रेल यात्रा विकल्पों के प्रति बढ़ती रुचि स्पष्ट दिखाई देती है। कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत शयनयान रेलगाड़ी से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है, जो आधुनिक सुविधाएं, बेहतर यात्रा समय और विश्व स्तरीय रात्रिकालीन यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी।

इसके अतिरिक्त, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को नौ नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने का ऐलान किया है, इनमें कामाख्या -रोहतक, हावड़ा- आंनद विहार टर्मिनल, बेंगलुरु-अलीपुरद्वार, अलीपुरद्वार-मुंबई और गोमती नगर-डिब्रूगढ़ जैसे रूट्स शामिल हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com