iPhone 16 को इस से में लॉन्च करने की तैयारी हो रही है। (सौ. Apple)
नवभारत टेक डेस्क: इंडोनेशिया में iPhone 16 पर लगे पांच महीने पुराने प्रतिबंध को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इंडोनेशिया के उद्योग मंत्रालय ने एपल को आवश्यक परमिट जारी करने का फैसला किया है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द ही की जा सकती है। यह निर्णय एपल द्वारा इंडोनेशिया में 1 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता के बाद लिया गया है।
एपल के इस निवेश में बटाम द्वीप पर AirTags के लिए एक नया प्लांट स्थापित करना और स्थानीय लोगों को अनुसंधान एवं विकास (R&D) प्रशिक्षण देना शामिल है। हालांकि, iPhone के स्थानीय उत्पादन को लेकर अभी तक कोई योजना सामने नहीं आई है।
पिछले साल, इंडोनेशिया सरकार ने iPhone 16 की बिक्री पर रोक लगा दी थी क्योंकि एपल देश के स्थानीय निर्माण मानकों को पूरा नहीं कर सका था। इंडोनेशिया के नियमों के तहत, किसी भी स्मार्टफोन ब्रांड को घरेलू बाजार में बेचने के लिए कम से कम 40% स्थानीय रूप से निर्मित कंपोनेंट्स का उपयोग करना अनिवार्य है।
एपल ने अब तक 1.48 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया का निवेश किया था, जबकि सरकार द्वारा निर्धारित सीमा 1.71 ट्रिलियन इंडोनेशियाई रुपिया थी। 230 बिलियन रुपिया की कमी के चलते, एपल को TKDN (Domestic Component Level) सर्टिफिकेशन नहीं मिल पाया था, जो कि बिक्री की अनुमति प्राप्त करने के लिए आवश्यक होता है।
इंडोनेशिया के उद्योग मंत्री अगुस गुमिवांग करतासास्मिता ने स्पष्ट किया था कि जब तक एपल सरकारी शर्तों को पूरा नहीं करता, तब तक iPhone 16 की बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।
टेक्नोलॉजी की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
अब जब एपल और इंडोनेशिया सरकार के बीच समझौता हो चुका है, कंपनी 1 अरब डॉलर का निवेश करेगी, जिससे देश में तकनीकी और औद्योगिक क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी। इसके साथ ही, इंडोनेशियाई सरकार जल्द ही iPhone 16 की बिक्री को आधिकारिक मंजूरी देने वाली है।
उद्योग मंत्रालय इस विषय पर जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सकता है, जहां नए बिक्री परमिट की घोषणा की जाएगी। यह फैसला इंडोनेशियाई स्मार्टफोन बाजार में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है और एपल को एक बार फिर स्थानीय उपभोक्ताओं तक पहुंचने का मौका मिलेगा।