क्या आपके फोन की भी होती है एक्सपायरी डेट? जानें कब बदलना चाहिए स्मार्टफोन

यह सवाल हर स्मार्टफोन यूजर के लिए बेहद दिलचस्प है क्योंकि हममें से ज्यादातर लोग अपने फोन को तब तक इस्तेमाल करते हैं, जब तक वह पूरी तरह से काम करना बंद नहीं कर देता।
Phone
Phone को कब बदल लेना चाहिए। (सौ. Freepik)
Published on
Updated on

नवभारत टेक डेस्क: अक्सर हम दवाइयों, खाद्य पदार्थों और अन्य चीजों पर एक्सपायरी डेट देखते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि स्मार्टफोन की भी एक्सपायरी डेट होती है? यह सवाल हर स्मार्टफोन यूजर के लिए बेहद दिलचस्प है क्योंकि हममें से ज्यादातर लोग अपने फोन को तब तक इस्तेमाल करते हैं, जब तक वह पूरी तरह से काम करना बंद नहीं कर देता।

फोन पर एक्सपायरी डेट क्यों नहीं लिखी होती?

जब आप कोई नया फोन खरीदते हैं, तो उसके रिटेल बॉक्स पर केवल मैन्युफैक्चरिंग डेट लिखी होती है, लेकिन एक्सपायरी डेट का कहीं जिक्र नहीं किया जाता। इसकी वजह यह है कि किसी भी स्मार्टफोन की एक्सपायरी डेट फिक्स नहीं होती और यह कई कारकों पर निर्भर करती है।

फोन कब हो जाता है पुराना?

स्मार्टफोन की उम्र इस बात पर निर्भर करती है कि उसे कितने समय तक सॉफ़्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट्स मिलते हैं।

  • कुछ स्मार्टफोन ब्रांड 3 साल तक अपडेट देते हैं, जबकि कुछ 5 साल तक।
  • अगर आपका फोन 3-4 साल पुराना हो चुका है और अब उसे सिक्योरिटी अपडेट्स नहीं मिल रहे, तो यह साइबर हमलों के लिए असुरक्षित हो सकता है।
  • ऐसे फोन को हैकर्स आसानी से टारगेट कर सकते हैं, जिससे वित्तीय नुकसान भी हो सकता है।
  • अगर आपके फोन में बैंकिंग ऐप्स काम करना बंद कर दें, तो समझ लीजिए कि अब इसे बदलने का समय आ गया है।

पुराने स्मार्टफोन पर बैंकिंग ऐप्स क्यों नहीं चलते?

हाल ही में X (ट्विटर) पर कई यूजर्स ने शिकायत की कि Android 11 या उससे पुराने वर्जन पर चलने वाले फोन में SBI Yono ऐप काम नहीं कर रहा। इस पर SBI बैंक के आधिकारिक हैंडल से जवाब दिया गया कि पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम वाले फोन को अपडेट नहीं मिलता, जिससे वे साइबर अपराधियों के लिए आसान लक्ष्य बन जाते हैं।

Apple कितने साल बाद iPhone को Obsolete कर देता है?

Apple अपने iPhones के लिए अलग सिस्टम फॉलो करता है।

  • अगर किसी iPhone की सेल बंद हुए 5 साल से ज्यादा और 7 साल से कम वक्त बीत चुका हो, तो उसे "Vintage" कैटेगरी में डाल दिया जाता है।
  • 7 साल से अधिक पुराने iPhones को "Obsolete" घोषित कर दिया जाता है, जिसका मतलब है कि अब उसे कोई अपडेट नहीं मिलेगा और Apple की ऑफिशियल सर्विस सेंटर में उसकी मरम्मत भी नहीं होगी।

क्या आपको नया फोन लेना चाहिए?

अगर आपका फोन 3-5 साल पुराना हो चुका है और उसे सिक्योरिटी अपडेट्स मिलना बंद हो गए हैं, तो उसे जल्द से जल्द बदल लेना चाहिए। खासतौर पर अगर आप बैंकिंग, डिजिटल ट्रांजैक्शन और पर्सनल डेटा के लिए फोन का इस्तेमाल करते हैं, तो पुराना फोन रखना एक बड़ा जोखिम हो सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com