5G का इस्तेमाल भारत में बढ़ जाएगा। (सौ. Freepik)
नवभारत टेक डेस्क: भारत में 5G उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। नोकिया की सालाना मोबाइल ब्रॉडबैंड इंडेक्स रिपोर्ट के अनुसार, 2028 तक देश में 5G उपयोगकर्ताओं की संख्या 2.65 गुना बढ़कर 77 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। वर्तमान में यह संख्या 29 करोड़ है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2024 में 5G डेटा उपयोग में तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई। दिसंबर 2024 तक प्रति ग्राहक मासिक औसत 5G डेटा खपत 40GB तक पहुंच गई। वहीं, 4G और 5G डेटा खपत मिलकर पिछले पांच सालों में 19.5% की वार्षिक वृद्धि दर से बढ़कर 27.5GB हो गई।
भारत में 5G उपकरणों का विस्तार तेज़ी से हो रहा है। 2024 में सक्रिय 5G उपकरणों की संख्या दोगुनी होकर 27.1 करोड़ तक पहुंच गई। 2025 में जितने भी पुराने स्मार्टफोन बदले जाएंगे, उनमें से 90% स्मार्टफोन 5G होंगे। इसके साथ ही, 5G एडवांस्ड तकनीक 6G की ओर बदलाव के लिए आधार तैयार कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही तक 5G डेटा खपत 4G से अधिक हो जाएगी। खासकर कैटेगरी B और C सर्किल्स में यह खपत क्रमशः 3.4 गुना और 3.2 गुना बढ़ी है। वहीं, मेट्रो सर्किलों में 5G उपयोग अब कुल मोबाइल ब्रॉडबैंड डेटा का 43% हो चुका है, जो 2023 में मात्र 20% था।
टेक्नोलॉजी की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
नोकिया रिपोर्ट के मुताबिक, 5G फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) के बढ़ते उपयोग से डेटा खपत में तेज़ी आ रही है। FWA उपभोक्ता औसत उपयोगकर्ताओं की तुलना में 12 गुना अधिक डेटा खर्च कर रहे हैं। यह बढ़ोतरी नए आवासीय और व्यावसायिक सेवाओं के कारण हो रही है, जिससे 5G टेक्नोलॉजी का विस्तार और तेज़ होने की संभावना है।