Buldhana: समृद्धि महामार्ग पर धू-धू कर जली ट्रैवल्स बस, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 36 जानें

Bus Fire Buldhana: समृद्धि महामार्ग पर एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिला। नागपुर से नाशिक जा रही बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ड्राइवर की तत्परता ने 36 यात्रियों को मौत के मुंह से निकाल लिया।
Samruddhi Mahamarg travels bus fire Buldhana
बुलढाणा में बस में लगी आग (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Samruddhi Mahamarg Bus Fire: बुलढाणा में समृद्धि महामार्ग पर एक ट्रैवल्स बस में अचानक आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सौभाग्य से चालक की सूझ-बूझ के कारण बस में सवार सभी 36 यात्री सुरक्षित बचा लिए गए। यह घटना मेहकर तहसील के शिवणी पिसा गांव के पास मंगलवार (6 जनवरी) तड़के करीब 5 बजे घटी।

नागपुर से नाशिक जा रही ट्रैवल्स बस समृद्धि महामार्ग के मुंबई कॉरिडोर पर चैनल क्रमांक 300.1 के पास पहुंची ही थी कि शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में बस ने भीषण रूप धारण कर लिया।

चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को सचेत कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में सिंदखेड राजा के पास इसी तरह की एक घटना में 26 यात्रियों की जलकर मौत हो गई थी, जिसकी भयावह यादें इस हादसे से फिर ताजा हो गई।

शार्ट सर्किट से लगी आग

चालक वाहिद शेख ने बताया कि बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। घटना के बाद यात्रियों की असुविधा न हो, इसके लिए उन्हें वैकल्पिक वाहन से दुसरबीड टोल नाके तक सुरक्षित पहुंचाया गया। जली हुई बस को सड़क किनारे हटाए जाने से समृद्धि महामार्ग पर यातायात सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया।

इसी दिन बुलढाणा जिले में एक ही दिन में हुए दो और भीषण सड़क हादसे हुए जिससे पूरा इलाका दहल गया। धाड गांव के पास ST बस और बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में एक टैक्सी खाई में गिर गई।

बुलढाणा-छत्रपति संभाजीनगर हाईवे पर धाड गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। छत्रपति संभाजीनगर से बुलढाणा की ओर जा रही शिवशाही ST बस की एक दोपहिया वाहन से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com