

Vidarbha Winter: नागपुर सिटी बीते दो दिनों से शीतलहर की चपेट में आ गई है। सुबह व रात ठिठुराने वाली हवाएं नागरिकों को घर के भीतर दुबके रहने को मजबूर कर रही है। धूप में ही राहत महसूस हो रही है। रात ही नहीं बल्कि दिन के तापमान में भी लगातार गिरावट आती जा रही है। मंगलवार को मौसम विभाग ने सिटी का न्यूनतम तापमान 7.6 डिसे दर्ज किया जो औसत से 5 डिग्री कम रहा।
चौबीस घंटों में शीतलहर ने सिटी के तापमान में 6 डिग्री की गिरावट लाई है। सोमवार को सिटी का न्यूनतम तापमान 13.6 डिसे दर्ज किया गया था। मंगलवार को सिटी का अधिकतम तापमान 27.8 डिसे दर्ज किया गया।
बताते चलें कि 29 जनवरी 2022 को नागपुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिसे दर्ज किया गया था। चार वर्ष बाद 6 जनवरी को भी 7.6 डिसे तक पारा उतर आया। शीतलहर से बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़ों में देखा जा रहा है। फुटपाथ पर अलाव जलाकर लोग हाथ सेंकते भी नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 12 जनवरी तक सिटी का मौसम कुछ इसी तरह का बना रहेगा। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिसे तक दर्ज किया जा सकता है। अधिकतम तापमान 28 डिसे के आसपास बना रहने की संभावना है। जिस तरह से तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है उससे ठंड के अपने पुराने रिकार्ड तोड़ने की संभावना भी बढ़ गई है। बताते चलें कि वर्ष 2016 में 23 जनवरी को सिटी का न्यूनतम तापमान 5.1 डिसे दर्ज किया गया था। उसके बाद 2019 में 4.6, 2020 में 5.7 डिसे तक पारा उतरा था।
बीते महीने दिसंबर 2025 में सिटी का 6 दिन सर्वाधिक कूल दर्ज हुआ था। इन दिनों न्यूनतम तापमान 8 से 8.5 डिसे तक ही दर्ज हुआ। 10 दिसंबर को 8.0 डिसे, 11 को 8.1 डिसे, 21 दिसंबर को 8.2 डिसे तक पारा उतरा था। वहीं 7, 19 और 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 8.5 डिसे दर्ज किया गया था। उसके बाद 6 जनवरी को 7.6 डिसे पर न्यूनतम तापमान आ गया।
| जिला | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|
| अकोला | 12.5 |
| अमरावती | 9.2 |
| गोंदिया | 7.0 |
| भंडारा | 10.0 |
| बुलढाना | 15.0 |
| ब्रम्हपुरी | 9.6 |
| चंद्रपुर | 12.5 |
| गडचिरोली | 11.2 |
| वर्धा | 8.4 |
| वाशिम | 11.8 |
| यवतमाल | 15.0 |
| वर्ष | दिनांक | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 2016 | 23 | 5.1 |
| 2017 | 13 | 7.2 |
| 2018 | 27 | 8.0 |
| 2019 | 30 | 4.6 |
| 2020 | 11 | 5.7 |
| 2021 | 31 | 10.3 |
| 2022 | 29 | 7.6 |
| 2023 | 8 | 8.0 |
| 2024 | 25 | 8.7 |
| 2025 | 9 | 8.2 |