मेसी के इवेंट में हुआ बवाल...तो ममता पर बरस पड़ी बीजेपी, सुधांशु त्रिवेदी ने RCB भगदड़ से जोड़ा

BJP on West Bengal Government: बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी शासित राज्यों में इवेंट्स के दौरान बार-बार गड़बड़ी पर सवाल उठाते हुए कमजोर कानून-व्यवस्था और शासन की मानसिकता पर निशाना साधा है।
Chaos erupted at Messi's event... and the BJP lashed out at Mamata, with Sudhanshu Trivedi linking it to the RCB stampede.
सुधांशु त्रिवेदी, लियोनेल मेसी और ममता बनर्जी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Messi Tour of India: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी का बहुप्रतीक्षित GOAT इंडिया टूर शुरू होते ही विवादों में फंस गया है। टूर के पहले ही दिन 13 दिसंबर को कोलकाता में हालात बेकाबू हो गए। दमदम एयरपोर्ट पर मेसी की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस उमड़ पड़ें। वहीं, शहर की सड़कें भी फुटबॉल प्रेमियों से भरी नजर आईं। हालांकि, सॉल्ट लेक स्टेडियम में जो कुछ हुआ, जिसने इस इवेंट की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

सॉल्ट लेक स्टेडियम में फैंस को उम्मीद थी कि वे अपने पसंदीदा फुटबॉल स्टार को लंबे समय तक देख पाएंगे, लेकिन मेसी वहां महज 10 मिनट के लिए ही मौजूद रहे। जैसे ही यह बात दर्शकों को पता चली, माहौल तनावपूर्ण हो गया। पहले बोतलें फेंकी गईं और फिर मैदान में जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षाबलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

बीजेपी ने ममता सरकार पर साधा निशाना

BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने हालिया घटनाओं को लेकर विपक्षी दलों पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन राज्यों में विपक्ष की सरकारें हैं, वहां बड़े इवेंट्स के दौरान बार-बार अव्यवस्था क्यों देखने को मिलती है।

बेंगलुरु की घटना का दिया हवाला

सुधांशु त्रिवेदी ने 4 जून 2025 को IPL के बाद बेंगलुरु में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं किसी एक जगह तक सीमित नहीं हैं। उनका कहना है कि यह एक पैटर्न की ओर इशारा करता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि क्या यह सब इस बात का संकेत नहीं है कि विपक्षी शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर है। सत्ता में बैठे लोग खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।

त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं पूरे गठबंधन की सरकारों और उनके कार्यकर्ताओं की मानसिकता को दर्शाती हैं। उनके मुताबिक, यह शासन और कानून-व्यवस्था के प्रति तिरस्कार का साफ संकेत है।

सीएम ममता बनर्जी ने मांगी माफी

हालांकि घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उन्होंने एक्स पर लिखा था कि सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए मिसमैनेजमेंट से वह बेहद आहत हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद हजारों खेल प्रेमियों के साथ स्टेडियम जाने वाली थीं, जो मेसी की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए थे। मुख्यमंत्री ने लियोनेल मेसी और सभी फैंस से दिल से माफी मांगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com