IND vs NZ: कीवी कप्तान के माइंड गेम पर सूर्यकुमार यादव का पलटवार, कहा- हमें बिल्कुल भी चिंता नहीं
Suryakumar Yadav PC: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास दिखाया। उन्होंने मिचेल सैंटनर के बयान पर मजेदार पलटवार करते हुए भारत की जीत का भरोसा जताया।
- Written By: संजय बिष्ट
मिचेल सेंटनर और सूर्यकुमार यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Suryakumar Yadav Press Conference: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अब बेहद करीब है और कुछ ही घंटों बाद भारत और न्यूजीलैंड की टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस महामुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने फाइनल से पहले कहा था कि अगर ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ना पड़े तो उन्हें उससे कोई परेशानी नहीं होगी। उनके इस बयान के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मजेदार अंदाज में पलटवार किया और माहौल को हल्का करते हुए जवाब दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे सैंटनर की चेतावनी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “सब एक ही तरह की डायलॉग चिपका रहे हैं, कुछ अलग भी तो बोलो।”
फाइनल से पहले कप्तान सूर्या का आत्मविश्वास
न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले से पहले सूर्यकुमार यादव काफी आत्मविश्वास में नजर आए। भारतीय टीम पहली बार उनकी कप्तानी में किसी आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है और ऐसे में वह इस पल को खास मान रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले के दबाव को लेकर भी खुलकर बात की।
सम्बंधित ख़बरें
टीम इंडिया से पहले पाकिस्तानी जर्सी में खेले थे सचिन तेंदुलकर, पढ़ें 37 साल पुराना ये दिलचस्प वाकया
मौजूदा क्रिकेटर्स के लिए ‘माउंट एवरेस्ट’ हैं सचिन के ये 5 रिकॉर्ड! मास्टर ब्लास्टर के जन्मदिन पर खास रिपोर्ट
वानखेड़े में चेन्नई ने रचा इतिहास, संजू का नाबाद शतक और अकील के 4 विकेट से पस्त हुई MI, 103 रन से जीता मैच
IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स में हुई पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी की एंट्री; जानें कौन है ये मिस्ट्री प्लेयर
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि “फाइनल में टीम का नेतृत्व करना एक खास एहसास है, दिल में थोड़ी घबराहट होगी। जब दबाव नहीं होता, तब मजा नहीं आता। यह मेरे और मेरे परिवार के लिए भी एक बड़ा अवसर है।” कप्तान के इस बयान से साफ है कि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले को लेकर उत्साहित भी है और पूरी तरह तैयार भी।
pic.twitter.com/agJVFFyYRl — BCCI (@BCCI) March 6, 2026
वरुण चक्रवर्ती को लेकर कप्तान का भरोसा
भारतीय टीम के स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती इन दिनों चर्चा में हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन काफी महंगा साबित हुआ था, जहां उन्होंने चार ओवर में 64 रन खर्च किए थे। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में भी वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। ऐसे में यह सवाल उठने लगा है कि क्या टीम मैनेजमेंट फाइनल में उन्हें मौका देगा या फिर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा।
इस सवाल पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वरुण चक्रवर्ती का समर्थन करते हुए कहा- “हमें चिंता नहीं है, यह एक टीम गेम है। हम इतना नहीं सोचते, हमने मैच जीत लिया है। वह विश्व के नंबर 1 गेंदबाज हैं, वह हमारे लिए यही करेंगे। बाकी बदलाव के बारे में हम कल सोचेंगे।” कप्तान के इस बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट फिलहाल वरुण पर भरोसा बनाए हुए है, हालांकि अंतिम फैसला मैच से ठीक पहले ही लिया जाएगा।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है वरुण का प्रदर्शन
हालांकि हालिया मुकाबलों में वरुण चक्रवर्ती थोड़े महंगे साबित हुए हैं, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। मिस्ट्री स्पिनर ने अब तक खेले गए 6 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी वजह से वह इस टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।
ये भी पढ़ें: वरुण चक्रवर्ती को मिला सूर्या का साथ, प्लेइंग-11 में बदलाव को लेकर कप्तान ने क्या कहा?
अगर वरुण चक्रवर्ती फाइनल मुकाबले में खेलते हैं और कुछ विकेट हासिल करने में सफल रहते हैं तो वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन सकते हैं। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया फाइनल में उन पर भरोसा जताती है या फिर प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव देखने को मिलेगा।
