IND vs NZ Final: वरुण चक्रवर्ती को मिला सूर्या का साथ, प्लेइंग-11 में बदलाव को लेकर कप्तान ने क्या कहा?

T20 World Cup 2026 Final: टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वरुण चक्रवर्ती का समर्थन किया है। प्लेइंग-11 पर उन्होंने संकेत दिए कि फाइनल में वरुण को टीम से बाहर नहीं बिठाया जा सकता है।
Captian Suryakumar Yadav support to Varun Chakravarthy
वरुण चक्रवर्ती और कप्तान सूर्यकुमार यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Suryakumar Yadav on Team India Playing against New Zealand: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा टीम के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के फॉर्म को लेकर रही। पिछले कुछ मैचों में वरुण का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, जिसके कारण उनके फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ तौर पर उनका बचाव किया और भरोसा जताया कि वह जल्द ही अपनी लय में वापसी करेंगे।

हालिया प्रदर्शन ने बढ़ाई टीम की चिंता

वरुण चक्रवर्ती का हालिया प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। खासतौर पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में वह काफी महंगे साबित हुए थे। उस मैच में वरुण ने अपने चार ओवर में 64 रन खर्च किए और सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट भी 16 की रही, जो किसी भी गेंदबाज के लिए काफी ज्यादा मानी जाती है। सुपर-8 और नॉकआउट मुकाबलों में भी उनका प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली नहीं रहा, जिसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या फाइनल मुकाबले में उनकी जगह कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है। हालांकि इस सवाल पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया और टीम के सामूहिक प्रदर्शन पर जोर दिया।

टीम गेम में सभी का योगदान जरूरी

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने साफ कहा कि क्रिकेट एक टीम गेम है और किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन के आधार पर पूरी टीम का आकलन नहीं किया जाना चाहिए। कप्तान ने कहा कि "वरुण को लेकर चिंता की बात नहीं है। हमने मैच जीता और यह एक टीम स्पोर्ट्स है। हमारा ध्यान एक टीम के रूप में प्रदर्शन करने पर केंद्रित रहता है। जब हम जीतते या हारते हैं तो किसी व्यक्तिगत प्रदर्शन के बारे में नहीं सोचते। टीम में 11 खिलाड़ी हैं और सभी लोग एक ही दिन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकते। एक या दो खिलाड़ी का दिन खराब हो सकता है। उस दिन हमें ऐसे प्रदर्शन को कवर करना होता है।" कप्तान ने यह भी संकेत दिया कि टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखने में विश्वास रखता है और हर खिलाड़ी को मुश्किल दौर से निकलने का मौका दिया जाता है।

प्लेइंग-11 पर बरकरार रखा सस्पेंस

फाइनल मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में बदलाव होगा या नहीं, इस सवाल पर भी सूर्यकुमार यादव ने साफ जवाब देने से बचते हुए सस्पेंस बनाए रखा। उन्होंने कहा कि "हम वरुण चक्रवर्ती को लेकर चिंतित नहीं है। वह नंबर एक गेंदबाज हैं और जानते हैं कि कब क्या करना है, किस विपक्षी टीम के खिलाफ किस तरह गेंदबाजी करनी है। उन्हें पता है कि किस तरह आगे बढ़कर हमारे लिए मैच जीतना है। मुझे पूरा यकीन है कि वह ऐसा करेंगे।"

प्लेइंग-11 को लेकर पूछे गए सवाल पर कप्तान ने मुस्कुराते हुए कहा कि इसका जवाब मैच के दिन ही मिलेगा। इस पर सूर्या ने कहा है कि "क्या बदलाव होंगे इस बारे में मैच के दिन ही पता चलेगा। आप हर चीज आज नहीं जान सकते।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com