शुभमन गिल (फोटो-सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी टीम इस सीजन के प्लेऑफ में पहुंच गई है। गुजरात ने दिल्ली को 10 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। इस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 93 रनों की पारी खेली। इस पारी के सहारे वो टी20 क्रिकेट में 5000 रन पूरा किए।
शुभमन गिल ने यह उपलब्धि टी20 के 154वें पारी में हासिल की। वो टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले केएल राहुल ने महज 143 पारियों में ही 5000 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। केएल राहुल सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले भारतीय है। इस सूची में सबसे उपर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। उन्होंने यह कारनामा महज 132 पारियों में कर लिया था।
दिल्ली के लिए खेलते हुए केएल राहुल ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 112 रनों की नाबाद पारी खेली। उसके साथ ही वो टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 8000 रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। राहुल ने यह कीर्तिमान 224 पारियों में हासिल किया। जबकि विराट कोहली को 8000 रन तक पहुंचने के लिए 243 पारियां लग गई। इस लिस्ट में क्रिस गेल टॉप पर हैं। उन्होंने 213 पारियों में ये कारनामा किया था।
इसके साथ ही वो आईपीएल में तीन अलग-अलग टीमों के लिए शतक बनाने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पंजाब किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए शतक बनाया। केएल राहुल ने आईपीएल में अब तक 5 शतक जमाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए। जिसमें केएल राहुल ने 112, अभिषेक पोरेल ने 30, अक्षर पटेल ने 25 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 21 रन बनाए। जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए मुकाबले को आसानी से 19 ओवर में जीत लिया। गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने शतकीय पारी खेली। साई सुदर्शन ने नाबाद 108 और शुभमन गिल ने नाबाद 93 रनों की पारी खेली।