IND vs NZ: भारतीय टीम को लगा बड़ा झटका, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले चोटिल हुआ 'धुरंधर'

India vs New Zealand: भारत-न्यूजीलैंड वनडे से पहले अभ्यास सत्र में ऋषभ पंत को चोट लगी। सिराज ने रोहित शर्मा से बल्लेबाजी टिप्स लिए, जबकि अन्य खिलाड़ी नेट में अभ्यास करते नजर आए।
Rishabh Pant Injury
ऋषभ पंत (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rishabh Pant Injury: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम ने शनिवार को बड़ौदा में अभ्यास सत्र किया। इस दौरान भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को नेट प्रैक्टिस के समय चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें कुछ देर के लिए उपचार लेना पड़ा।

अभ्यास सत्र के दौरान पंत जब भारतीय थ्रोडाउन विशेषज्ञों के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी उनकी कमर के ठीक ऊपर गेंद लग गई। चोट लगते ही पंत दर्द से कराह उठे, जिसके बाद टीम के सहायक स्टाफ, मुख्य कोच गौतम गंभीर और अन्य सदस्य तुरंत उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। प्राथमिक उपचार के बाद पंत बीसीए स्टेडियम के ग्राउंड बी मैदान से बाहर चले गए।

शुभमन गिल ने अजीत अगरकर से की लंबी बातचीत

इस बीच भारतीय कप्तान शुभमन गिल को चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ लंबी बातचीत करते हुए भी देखा गया। हालांकि पंत की चोट को लेकर टीम की ओर से कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिया गया है। अब देखना होगा कि उनकी चोट कितनी गहरी है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ मौका मिलता है या नहीं। पंत ने पिछले साल एक भी वनडे मुकाबले नहीं खेले।

सिराज ने रोहित शर्मा से लिया बैटिंग टिप्स

अभ्यास सत्र में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी चर्चा में रहे। सिराज ने अपनी बल्लेबाजी में सुधार के उद्देश्य से पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से टिप्स लिए। रोहित नेट के बाहर मौजूद थे, जब सिराज शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए, जिसके बाद रोहित ने उन्हें बल्लेबाजी को लेकर कुछ अहम सुझाव दिए। सिराज ने वैकल्पिक अभ्यास सत्र में केवल बल्लेबाजी पर ही ध्यान दिया।

श्रेयस अय्यर ने भी किया अभ्यास

वहीं उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने केएल राहुल के साथ बल्लेबाजी अभ्यास किया, जबकि रविंद्र जडेजा ने भी नेट पर लंबा समय बिताया। सिराज, अय्यर और पंत हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करने के बाद टीम से जुड़े हैं, जहां उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला 8 जनवरी को खेला था।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच रविवार को बड़ौदा क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट और तीसरा वनडे 18 जनवरी को इंदौर में आयोजित होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com