मिचेल स्टार्क का डबल धमाका! 400 से ज्यादा विकेट लेकर टेस्ट में तोड़ा वसीम अकरम का ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Ashes Series: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट लेकर बड़ा माइलस्टोन हासिल किया है और टेस्ट क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
मिचेल स्टार्क का 'डबल धमाका'! 400 से ज्यादा विकेट लेकर टेस्ट में तोड़ा वसीम अकरम का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
मिचेल स्टार्क (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mitchell Starc break Wasim Akram Record: एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। ब्रिसबेन में खेले जा रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इंग्लैंड की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 193 रन बना लिए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच में अहम मोड़ बनाया।

स्टार्क ने तोड़ा वसीम अकरम का बड़ा रिकॉर्ड

दूसरे टेस्ट के दौरान मिचेल स्टार्क ने एक ऐसा मुकाम हासिल किया, जो उन्हें लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर ले आया। तीन विकेट हासिल करते ही स्टार्क टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म पेसर बन गए। वह अब पाकिस्तानी महान गेंदबाज वसीम अकरम को पीछे छोड़ चुके हैं, जिनके नाम 414 टेस्ट विकेट दर्ज थे। स्टार्क अब 415+ विकेट के साथ इस श्रेणी में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं।

टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले लेफ्ट ऑर्म पेसर्स:

गेंदबाज का नाम विकेट की संख्या
मिचेल स्टार्क 415
वसीम अकरम 414
चमिंडा वास 355
ट्रेंट बोल्ट 317
मिचेल जॉनसन 313

शुरुआती ओवरों में इंग्लैंड को दिए करारे झटके

स्टार्क ने इंग्लैंड की पारी को शुरुआत में ही हिला दिया। उनके पहले शिकार बने ओपनर बेन डकेट, जो खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद उन्होंने ओली पोप को भी बिना रन बनाए चलता कर दिया। दोनों शुरुआती विकेटों ने इंग्लैंड को दबाव में डाल दिया। तीसरा झटका उन्होंने हैरी ब्रूक को दिया, जो उनकी गेंद पर चकमा खाकर स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच थमा बैठे।

तीनों फॉर्मेट में रंग जमाने वाले स्टार्क

मिचेल स्टार्क ने 2011 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। शुरुआत में उनका करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा, लेकिन निरंतर मेहनत ने उन्हें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी का महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया। अब तक उनके नाम टेस्ट में 415 से ज्यादा विकेट, वनडे में 247 विकेट और T20I में 79 विकेट दर्ज हैं। तेज रफ्तार, स्विंग और बाउंसर से बल्लेबाजों को परेशान करने का उनका अंदाज उन्हें दुनिया के खतरनाक पेसर्स में शुमार करता है।

इंग्लैंड की पारी को संभाल रहे रूट और स्टोक्स

इंग्लैंड की ओर से जैक क्रॉली ने 76 रन की बढ़िया पारी खेली, जबकि जो रूट ने 68 रन बनाकर टीम को संभाला। हैरी ब्रूक ने 31 रन का योगदान दिया। दिन का खेल समाप्त होने तक जो रूट क्रीज पर डटे हुए हैं और कप्तान बेन स्टोक्स उनका साथ निभा रहे हैं। दोनों मिलकर इंग्लैंड को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com