महंगाई का महा-झटका! घरेलू गैस सिलेंडर ₹60 महंगा; अब ₹900 के पार हुई रसोई की आग, देखें नई रेट लिस्ट

LPG Price Hike March 2026: घरेलू गैस सिलेंडर ₹60 महंगा, अब कीमत ₹964.50। कमर्शियल सिलेंडर पर ₹114.50 की भारी बढ़ोतरी। मिडिल क्लास परिवार और व्यापारियों पर महंगाई की मार।
Domestic LPG prices hiked by ₹60, reaching ₹964.50. Commercial cylinders see a massive jump of ₹114.50. Housewives and small businesses in distress.
गैस सिलेंडर हुए महंगे (AI Generated image)
Published on
Updated on

Domestic Gas Cylinder Rate Nagpur: अंतरराष्ट्रीय हालात और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी दिखने लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी से रसोई का बजट बिगड़ गया है। सीमित आय वाले परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी बड़ी परेशानी बन गई है।

लोगों ने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतों को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। सिटी की गृहिणियों का कहना है कि गैस की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ता है क्योंकि घर के किचन का पूरा हिसाब-किताब वही संभालती हैं। जब गैस महंगी होती है तो रसोई का बजट गड़बड़ा जाता है और कई जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ती है।

शनिवार से लागू नई दरों के अनुसार घरेलू और कमर्शियल दोनों श्रेणियों के सिलेंडर महंगे हो गए हैं। इससे गृहिणियों से लेकर व्यवसायी तक परेशान नजर आ रहे हैं। लोग कहते हैं कि युद्ध वहां हो रहा है, लेकिन महंगाई के रूप में उसकी आंच यहां लग रही है। इस तरह महंगाई का झटका लगने से परेशानी काफी अधिक बढ़ जाएगी।

पहले ही शुरू है सिलेंडर की वेटिंग, अब दूसरा झटका

पिछले कुछ महीनों से बढ़ती जा रही सिलेंडरों की वेटिंग से लोग पहले ही परेशान चल रहे हैं। वहीं अब ऊपर से भाव भी बढ़ा दिये गये हैं। इससे महंगाई का जमकर झटका लगा है। सबसे अधिक उपयोग होने वाला 14.2 किग्रा का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 904.50 रुपये से बढ़कर 964.50 रुपये पर पहुंच गया। यानी उपभोक्ताओं को अब हर सिलेंडर पर 60 रुपये अधिक चुकाने पड़ेंगे।

19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर पर दोहरा झटका मिला है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत एक झटके में 114.5 रुपये बढ़ गई। 1 मार्च को ही सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये इजाफा किया गया था। इस तरह से यह 7 दिन में ही 143.5 रुपये महंगा होकर 2059 रुपये पर पहुंच गया।

इससे होटल्स, ढाबे और चाय की टपरी वालों के साथ अन्य व्यवसायी परेशान हो गये हैं। इसके अलावा 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर भी 21.50 रुपये बढ़कर 357 रुपये पर पहुंच गया। सिलेंडरों की वेटिंग का खतरा भी और अधिक बढ़ चुका है। लोगों के साथ व्यवसायियों का कहना है कि सरकार को इस पर ध्यान देते हुए दोनों की कीमतें कम करनी चाहिए।

बिगड़ चुका घर का बैलेंस

पहले से ही घर का बैलेंस बिगड़ चुका है। ऊपर से गैस का दाम बढ़ाकर सरकार बोझ बढ़ा रही है। अगर आम जनता के साथ इसी तरह होता रहा तो आने वाले समय में घर चलाना मुश्किल हो जाएगा। समस्या काफी अधिक बढ़ जाएगी। - श्रुति जुगादे

मध्यमवर्गीय परिवार होगा प्रभावित

हम चाहकर भी रसोई गैस का इस्तेमाल नहीं रोक सकते हैं। इन बढ़े हुए दामों से फिर एक बार मध्यमवर्गीय परिवार प्रभावित होगा और हम महिलाओं को घर का बजट बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।

- कंचन जोशी

अचानक बढ़ोतरी से बढ़ेगा भार

महंगाई ने तो कमर ही तोड़ दी है। पहले खाने के तेल और दालों के दाम बढ़े और अब गैस सिलेंडर महंगा कर दिया गया। सरकार को देखना चाहिए कि आम परिवार का बजट किस तरह चलता है। गैस के दामों में अचानक बढ़ोतरी से भार बढ़ेगा। - नीतू दुबे

इस तरह बढ़ीं कीमतें

सिलेंडर का प्रकार (Weight) पुरानी दर (₹) नई दर (₹) कुल बढ़ोतरी (₹)
14.2 Kg (घरेलू) 904.50 964.50 +60.00
19 Kg (कमर्शियल) 1944.50 2059.00 +114.50
5 Kg (छोटा) 335.50 357.00 +21.50
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com