कोहली-गायकवाड़ की ऐतिहासिक साझेदारी! तेंदुलकर-कार्तिक का 15 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

IND vs SA: विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 195 रन की बड़ी साझेदारी की और टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
कोहली-गायकवाड़ की ऐतिहासिक साझेदारी! तेंदुलकर-कार्तिक का 15 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त
विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Virat Kohli and Ruturaj Gaikwad 195 run Partnership: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है, जहां टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही है। इस मैच में भारतीय शीर्ष क्रम ने शानदार प्रदर्शन दिखाया। खासकर विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ की जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए यादगार साझेदारी कर इतिहास रच दिया। दोनों बल्लेबाजों ने शतक जमाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

कोहली-गायकवाड़ की 195 रन की रिकॉर्ड साझेदारी

विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 195 रन की बेहतरीन साझेदारी निभाई। यह साझेदारी भारत की ओर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक के नाम था, जिन्होंने 2010 में ग्वालियर वनडे में 194 रन की साझेदारी की थी। विराट और गायकवाड़ ने उस 15 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी साझेदारियाँ

  • 195 - विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़, रायपुर, 2025
  • 194 - सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक, ग्वालियर, 2010
  • 193 - सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली, जोहान्सबर्ग, 2001

दोनों बल्लेबाजों ने जड़ा शतक

रायपुर वनडे भारतीय बल्लेबाजों के लिए बेहद खास रहा। विराट कोहली ने शानदार लय जारी रखते हुए लगातार दूसरा शतक जमाया। उन्होंने 93 गेंदों में 102 रन की पारी खेली। इससे पहले रांची में खेले गए पहले वनडे में विराट 135 रन बनाकर चमके थे। दूसरी ओर ऋतुराज गायकवाड़ ने अपने करियर का पहला वनडे शतक लगाया। उन्होंने 83 गेंदों में 105 रन ठोके, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

ऋतुराज की धाक ने 77 गेंदों पर ठोका शतक

गायकवाड़ की पारी की सबसे बड़ी खास बात रही उनकी तेज बल्लेबाजी। उन्होंने मात्र 77 गेंदों में शतक पूरा कर साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज शतक लगाया। इस मामले में वह केवल युसूफ पठान से पीछे हैं। पठान ने 2011 में 68 गेंदों में शतक जमाकर अब तक का सबसे तेज भारतीय शतक दर्ज किया था।

कोहली और गायकवाड़ की धमाकेदार पारियों ने भारत को विशाल स्कोर की ओर बढ़ा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने न सिर्फ दबाव संभाला बल्कि साउथ अफ्रीकी बॉलिंग अटैक को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। उनकी यह साझेदारी भारतीय क्रिकेट इतिहास के सुनहरे पलों में दर्ज हो गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com