जोस बटलर (फोटो- सोशल मीडिया)
Jos Buttler 600 Sixes: गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने शानदार फॉर्म में वापसी करते हुए आईपीएल 2026 में दमदार प्रदर्शन किया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में बटलर ने अर्धशतकीय पारी खेलकर अपने पुराने रंग दिखाए। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। तीसरे ओवर में क्रीज पर उतरे बटलर ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया।
जोस बटलर ने मुकेश कुमार के एक ही ओवर में छक्कों की बारिश कर दी। पारी के पांचवें ओवर में बटलर ने आक्रामक अंदाज दिखाते हुए कुल 23 रन बटोरे। इस दौरान उन्होंने बेहतरीन टाइमिंग और ताकत के साथ बड़े शॉट लगाए, जिससे गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ गया और मैच का रुख बदल गया।
जोस बटलर ने अपनी इस पारी के दौरान 5 शानदार छक्के लगाए और इसी के साथ टी20 क्रिकेट में अपने 600 छक्के पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले पहले नॉन-कैरेबियन बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और निकोलस पूरन ही इस मुकाम तक पहुंच सके थे।
जोस बटलर ने इस मुकाबले में एक और खास उपलब्धि अपने नाम की। वह गुजरात टाइटंस के लिए पावरप्ले में सबसे ज्यादा 5 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऋद्धिमान साहा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में 4 छक्के लगाए थे। इसके अलावा बटलर आईपीएल इतिहास में दूसरे नॉन-ओपनर बन गए हैं, जिन्होंने पावरप्ले में 5 या उससे ज्यादा छक्के जड़े हैं। उनसे पहले सुरेश रैना ने 2014 में यह कारनामा किया था।
ये भी पढ़ें- DC vs GT: दिल्ली में चला शुभमन गिल और बटलर का बल्ला, गुजरात ने खड़ा किया 210 रनों का स्कोर
बटलर ने 27 गेंदों में 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी का अंत कुलदीप यादव ने क्लीन बोल्ड कर किया। बटलर ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने तीसरे ओवर में मुकेश कुमार की गेंद पर छक्का जड़ा, फिर अगले ओवर में अक्षर पटेल के खिलाफ भी बड़ा शॉट लगाया। पांचवें ओवर में तो उन्होंने मुकेश कुमार पर तीन छक्के जड़कर मैच का रुख ही बदल दिया।