आईपीएल 2026 (फोटो- सोशल मीडिया)
BCCI new rules IPL 2026: आईपीएल 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक बड़ा और सख्त फैसला लिया है, जिसका असर सीधे तौर पर टीमों की रणनीति पर पड़ सकता है। नए नियम के तहत अब मैच के दौरान बेंच पर बैठे खिलाड़ी मैदान के आसपास बिना वजह घूम नहीं सकेंगे। केवल वही 16 खिलाड़ी मैदान पर आ-जा सकेंगे, जिन्हें टीम मैनेजमेंट ने आधिकारिक टीम शीट में शामिल किया है। इसके अलावा बाकी खिलाड़ियों को मैदान में आने या खिलाड़ियों तक कोई संदेश पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी।
नए नियम के अनुसार, जो खिलाड़ी इन 16 नामित खिलाड़ियों में शामिल नहीं हैं, वे किसी भी परिस्थिति में मैदान पर प्रवेश नहीं कर पाएंगे। चाहे बात ड्रिंक्स देने की हो या किसी तरह का मैसेज पहुंचाने की, सभी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा एक समय में सिर्फ पांच खिलाड़ियों को ही बाउंड्री लाइन के पास रहने की अनुमति होगी। यह खिलाड़ी टीम के 16 में शामिल हों या बाकी स्क्वॉड से, लेकिन उनकी संख्या पांच से अधिक नहीं हो सकती। पहले यही खिलाड़ी ड्रिंक्स ले जाने और गेंद वापस लाने का काम करते नजर आते थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब बाकी खिलाड़ियों को पूरी तरह डगआउट तक सीमित कर दिया गया है। उन्हें बाउंड्री लाइन और एलईडी विज्ञापन बोर्ड के बीच घूमने की अनुमति नहीं होगी। पहले नियमों में थोड़ी ढील थी, जहां खिलाड़ी खेल में बाधा डाले बिना मैदान में आ सकते थे। लेकिन अब बीसीसीआई ने मैच प्लेइंग कंडीशंस के क्लॉज 11.5.2 और 24.1.4 को सख्ती से लागू करते हुए इन गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
हालांकि इस फैसले के पीछे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि मैच के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक गतिविधियों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अब तक 13 मुकाबले खेले जा चुके हैं और 14वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाना है।
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा ईशान किशन और ऋषभ पंत का खास रिकॉर्ड, मुंबई इंडियंस के खिलाफ की थी विस्फोटक बल्लेबाजी
यह नया नियम आईपीएल में अनुशासन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, इससे टीमों की ऑन-फील्ड कम्युनिकेशन और रणनीति पर असर पड़ सकता है, जिसका प्रभाव आने वाले मैचों में साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।