

Delhi Capitals vs Gujarat Titans 14th IPL 2026 Match Pitch Report: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने दोनों शुरुआती मुकाबले जीतकर मजबूत शुरुआत की है, जिसमें समीर रिजवी का बल्ला जमकर बोला है। अब दिल्ली को अपना तीसरा मुकाबला घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलना है। ऐसे में इस मैच को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा पिच को लेकर हो रही है, जहां अब तक बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम अपने दोनों शुरुआती मैच हार चुकी है।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच पर टॉस का रोल काफी अहम रहता है। यहां आमतौर पर टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं। आईपीएल में अब तक इस मैदान पर खेले गए 98 मुकाबलों में से 50 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 47 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम सफल रही है। यह मुकाबला पिच नंबर-5 पर खेला जाएगा, जहां हाल के सीजनों में रात के मैचों में रन गति तेज देखने को मिली है। खासतौर पर डेथ ओवर्स में रन बनाने की रफ्तार काफी बढ़ जाती है।
इस पिच पर नई गेंद से शुरुआती तीन से चार ओवर बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं। यदि गेंदबाज शुरुआत में विकेट लेने में सफल नहीं होते हैं, तो बल्लेबाज बड़े स्कोर की ओर आसानी से बढ़ सकते हैं। बीच के ओवरों में पिच थोड़ी धीमी हो जाती है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। वहीं रात के मुकाबलों में ओस भी बड़ा फैक्टर साबित होती है, जो आमतौर पर पहली पारी के मध्य ओवरों के बाद असर दिखाना शुरू कर देती है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 185 से 190 के बीच रहता है, ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 200 से ज्यादा रन बनाने का लक्ष्य रखना होगा।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो इसमें गुजरात का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 4 में गुजरात टाइटंस ने जीत हासिल की है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को 3 मैचों में सफलता मिली है। वहीं अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में भी गुजरात ने बढ़त बनाई हुई है, जहां उसने 3 में से 2 मैच जीते हैं। ऐसे में इस बार दिल्ली अपने घरेलू मैदान पर इस रिकॉर्ड को सुधारने की कोशिश करेगी।