वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने के बाद मालामाल हुई भारतीय महिला टीम, प्राइज मनी के रूप में हो गई धनवर्षा
Team India Prize Money: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार खिताब जीता और करोड़ों की प्राइज मनी अपने नाम की।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
महिला वनडे विश्वकप २०२५ में ट्रॉफी के साथ भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- @ICC)
Indian Women’s Cricket Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में इतिहास रच दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रनों से मात देकर पहली बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 45.3 ओवरों में 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत महिला वनडे क्रिकेट की नई विश्व चैंपियन बन गया।
टीम इंडिया को मिली रिकॉर्ड प्राइज मनी
भारत ने खिताब जीतकर न सिर्फ इतिहास रचा बल्कि रिकॉर्ड इनाम राशि भी जीती। आईसीसी की ओर से महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की विजेता टीम को 41.77 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया। वहीं साउथ अफ्रीका की उपविजेता टीम को 21.88 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। यह अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी है, जो महिला क्रिकेट में बढ़ते सम्मान और लोकप्रियता का संकेत देती है।
फाइनल में शैफाली वर्मा का ऑलराउंड प्रदर्शन
फाइनल मैच में युवा ओपनर शैफाली वर्मा टीम इंडिया की जीत की अहम कड़ी साबित हुईं। उन्होंने शुरुआत में आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 78 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाया और 7 ओवरों में 36 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनकी ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
सम्बंधित ख़बरें
IPL 2027: इस तारीख से शुरू हो सकता है आईपीएल 2027, फाइनल मैच को लेकर बड़ा अपडेट, कितनी होगी मैच की संख्या?
Women’s T20 WC 2026: भारतीय महिला टीम अंक तालिका में किस नंबर पर? कब और किससे होगी अगला मैच, देखें शेड्यूल
IND W vs PAK W: महामुकाबले में पाकिस्तान को हराकर पॉइंट्स टेबल में चमका भारत, इन टीमों की मुश्किलें बढ़ीं
IND vs PAK मैच में ग्रुप स्टेज में ही हो गया बड़ा कमाल, T20 वर्ल्ड कप में बन गया एक और नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
दीप्ति शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन
टीम इंडिया की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर साबित किया कि वह भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने पहले बल्ले से 58 गेंदों में 58 रन बनाए और बाद में गेंदबाजी में 9.3 ओवरों में 39 रन देकर 5 विकेट चटकाए। दीप्ति के इस ऑलराउंड खेल ने भारत की जीत की नींव मजबूत की।
India beat South Africa in a tense finale to become the #𝐂𝐖𝐂𝟐𝟓 𝐖𝐢𝐧𝐧𝐞𝐫𝐬 🏆🇮🇳#INDvSA 📝: https://t.co/6Vok7HLZsk pic.twitter.com/62p6cUwnJo — ICC (@ICC) November 2, 2025
वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में बनी पहली महिला खिलाड़ी
दीप्ति शर्मा ने इस मैच में एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास की पहली ऐसी खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने किसी एक मैच में अर्धशतक लगाने के साथ-साथ 5 विकेट भी हासिल किए। यह कारनामा आज तक कोई भी खिलाड़ी नहीं कर सकी थी। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने कुल 22 विकेट लिए और 200 से अधिक रन बनाए, जो उनके ऑलराउंड कौशल की झलक पेश करता है।
ये भी पढ़ें: शेफाली बनीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’, दीप्ति ने जीता ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब
भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने महिला क्रिकेट के नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। यह खिताब आने वाली पीढ़ी की महिला क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। हरमनप्रीत की कप्तानी, टीम का संतुलन और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास इस ऐतिहासिक सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहा।
