IND vs NAM: दिल्ली के ऐतिहासिक मैदान पर नामीबिया से भिड़ेगी टीम इंडिया, यहां ऐसा रहा है भारत का रिकॉर्ड
IND vs NAM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत 12 फरवरी को ग्रुप-ए के दूसरे मैच में नामीबिया से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेगा, जहां रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
गुवाहाटी में टीम इंडिया (फोटो- सोशल मीडिया)
IND vs NAM T20 World Cup 2026: भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत दमदार अंदाज में की। टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ खाता खोला। यह मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव की स्थिति में भी शानदार प्रदर्शन किया। अब टीम इंडिया को अपना दूसरा मैच 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेलना है। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारतीय टीम का पलड़ा इस मुकाबले में भारी माना जा रहा है, हालांकि टीम किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहेगी।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड
अगर दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम के टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक टीम ने यहां 4 मुकाबले खेले हैं। इनमें से भारत को 2 मैचों में जीत मिली है, जबकि 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। भारत ने यहां पहला टी20 इंटरनेशनल मैच साल 2017 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था और उस मैच को 53 रनों से जीता था। इसके बाद 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी।
साल 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में भी भारतीय टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, इस मैदान पर भारत का पिछला मुकाबला 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने 86 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। ऐसे में टीम इस मैदान पर अपने जीत प्रतिशत को और बेहतर करने के इरादे से उतरेगी।
सम्बंधित ख़बरें
बारिश में धूल गया इंडिया vs इंग्लैंड T20 सीरीज का पहला मुकाबला, अभिषेक-अय्यर की मेहनत पर फिरा पानी!
Asian Games 2026: टीम इंडिया में चंडीगढ़ की इस जांबाज खिलाड़ी की एंट्री, भारत को करेगी रिप्रेजेंट!
Nitish Kumar Reddy Injury Update: क्या भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज खेल पाएंगे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी?
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
टॉस और ओस का अहम रोल
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम के समय खेले जाने वाले मुकाबलों में ओस की भूमिका काफी अहम मानी जाती है। यही वजह है कि यहां टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती हैं, ताकि बाद में बल्लेबाजी करते समय ओस का फायदा मिल सके। अब तक इस मैदान पर कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें से 4 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 5 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि यहां रन चेज करना अपेक्षाकृत आसान माना जाता है।
ये भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव के पास विराट कोहली को पीछे छोड़ने का मौका, नामीबिया के खिलाफ कप्तान को बनाने होंगे इतने रन
नामीबिया के खिलाफ जीत की कोशिश
भारतीय टीम नामीबिया के खिलाफ मैच में अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम संतुलित नजर आ रही है, ऐसे में फैंस को एक और मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। दूसरी ओर नामीबिया की टीम भी उलटफेर करने की कोशिश करेगी, जिससे मुकाबला दिलचस्प होने की पूरी संभावना है।
