पांचवें टेस्ट के लिए ऐसी है भारत की प्लेइंग-11, कुलदीप-अर्शदीप को नहीं मिला मौका

IND vs ENG, 5th Test Playing 11: भारत और इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट के लिए टीम में 4-4 बदलाव किए हैं। इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स चोट के कारण बाहर हो गए हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह को भी आराम दिया गया है।
पांचवें टेस्ट के लिए ऐसी है भारत की प्लेइंग-11, कुलदीप-अर्शदीप को नहीं मिला मौका
शुभमन गिल और ओली पोप (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IND vs ENG, 5th Test Playing 11: भारत और इंग्लैंड के बीच आज 31 जुलाई से एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज का पांचवां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों ने 4-4 बदलाव किए हैं। इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। वहीं भारत के तरफ से मुख्य गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे हैं।

इस सीरीज का पांचवां मुकाबला केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है। भारतीय टीम में बुमराह सहित चार बदलाव किए गए हैं। बुमराह के अलावा शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज भी भारत की प्लेइंग इलेवन से बाहर हैं। इन तीनों की जगह प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और करुण नायर को शामिल किया गया है।

पिछले हफ़्ते मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में दोनों टीमों के बीच खेले गए चौथे टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत के पैर में चोट लग गई थी, जिसके कारण वह पांचवें मैच से बाहर हो गए थे। उनकी जगह ध्रुव जुरेल शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम के लिए विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं।

कुलदीप-अर्शदीप को नहीं मिला मौका

वहीं इस टेस्ट सीरीज में कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह को एक भी मैच में मौका नहीं मिला। कुलदीप यादव को प्लेइंग में शामिल करने के लिए कई पूर्व खिलाड़ियों ने वकालत भी की थी लेकिन टीम मैनेजमेंट अपने फैसले पर अडिग रही और आखिरी मैच में भी कुलदीप को शामिल नहीं किया गया।

इंग्लैंड ने किए हैं 4 बदलाव

दूसरी ओर इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। कप्तान बेन स्टोक्स कंधे की चोट के कारण पांचवें टेस्ट से बाहर हैं। उनकी जगह तीसरे नंबर के बल्लेबाज ओली पोप ओवल में मेजबान टीम की कमान संभालेंगे।

तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स को ओवल में होने वाले टेस्ट मैच के लिए आराम दिया गया है। उसके साथ ही स्पिनर लियाम डॉसन को भी आराम दिया गया है और उनकी जगह गस एटकिंसन, जोश टंग और जेमी ओवरटन खेल रहे हैं। वहीं, स्टोक्स की जगह जैकब बेथेल को टीम में शामिल किया गया है।

इंग्लैंड के कप्तान ओली पोप ने ओवल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के सभी पांच मैचों में शुभमन गिल टॉस जीतने में नाकाम रहे। यह लगातार 15वीं बार है जब भारत ने टॉस हारा है। वहीं ओली पोप ने सभी मैच में कप्तानी करते हुए टॉस जीता है।

ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), करुण नायर, वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।

इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप (कप्तान), जो रूट, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन, जोश टंग।

Navbharat Live
navbharatlive.com