ICC को लगा बड़ा झटका, अमेरिका-ईरान तनाव के चलते दोहा में होने वाली आईसीसी बोर्ड की मीटिंग रद्द
ICC Board Meeting: ईरान पर अमेरिका के हमले से मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस बढ़ते संकट के बीच आई एक खबर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी ICC को भी बड़ा झटका दे दिया है।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
Photo Source: Social Media
ICC Board Meeting in Doha: मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव का असर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट गतिविधियों पर भी पड़ने लगा है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस महीने कतर की राजधानी दोहा में प्रस्तावित अपनी अहम बोर्ड और कमेटी बैठकों को फिलहाल रद्द कर दिया है। इन बैठकों में क्रिकेट के भविष्य से जुड़े कई बड़े फैसलों पर चर्चा होनी थी।
दोहा में होने वाली थी अहम बैठक
ICC की बोर्ड और विभिन्न कमेटियों की बैठकें 25 से 27 मार्च के बीच दोहा में आयोजित होने वाली थीं। इन बैठकों में दुनिया भर के क्रिकेट बोर्डों के प्रमुख अधिकारी और ICC के वरिष्ठ सदस्य हिस्सा लेने वाले थे। हालांकि मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव और एयरस्पेस पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण कई देशों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसी वजह से ICC ने फिलहाल इन बैठकों को रद्द करने का फैसला लिया है।
वर्चुअल तरीके से होंगी कुछ मीटिंग
हालात को देखते हुए ICC ने पूरी प्रक्रिया को टालने के बजाय कुछ अहम बैठकों को वर्चुअल तरीके से आयोजित करने की योजना बनाई है। खासकर वित्त समिति से जुड़े मुद्दों पर ऑनलाइन बैठकें अगले कुछ हफ्तों में कराई जा सकती हैं। ICC अधिकारियों का मानना है कि जरूरी निर्णयों को ज्यादा समय तक टालना सही नहीं होगा, इसलिए डिजिटल माध्यम से चर्चा जारी रखी जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
इंडियन पैडल टूर 2026-27 का ऐलान: देश के 10 शहरों में होंगे 19 टूर्नामेंट्स, मुंबई से होगी शुरुआत
SL vs IND: 15 अगस्त से भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का आगाज, जानिए WTC पॉइंट्स टेबल और ICC रैंकिंग का पूरा गणित
2027 World Cup से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिले टीम इंडिया में मौका? पूर्व चयनकर्ता ने BCCI से की बड़ी मांग
CWG 2026 Day 7: मुरली श्रीशंकर से गोल्ड की उम्मीद, आज भारत के लिए दांव पर 9 मेडल इवेंट्स
अप्रैल में आमने-सामने बैठक की उम्मीद
ICC के सूत्रों के मुताबिक अगर जल्द हालात सामान्य हो जाते हैं और एयरस्पेस पूरी तरह से खोल दिया जाता है, तो अप्रैल में इन बैठकों को फिर से आमने-सामने आयोजित किया जा सकता है। इस बैठक में ICC बोर्ड डायरेक्टर्स, सदस्य देशों के क्रिकेट बोर्डों के CEO, विभिन्न कमेटियों के सदस्य और ICC के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होने वाले थे।
कई बड़े मुद्दों पर होनी थी चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोहा में होने वाली इन बैठकों में क्रिकेट से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जानी थी। इनमें ICC के ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, भविष्य के फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) की रूपरेखा और आने वाले वर्षों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर से जुड़े फैसले शामिल थे। इसके अलावा 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया तय करना भी इस बैठक का अहम एजेंडा था।
कतर में पहली बार प्रस्तावित थी मीटिंग
यह पहली बार था जब ICC की इतनी महत्वपूर्ण बैठक कतर में आयोजित की जानी थी। हाल के वर्षों में कतर और पूरे मिडिल ईस्ट क्षेत्र में क्रिकेट की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। रिपोर्ट्स के अनुसार यहां क्रिकेट में भागीदारी दर में लगभग 447 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: ‘कीर्ति आजाद को लेकर क्या बोलूं’, ट्रॉफी मंदिर ले जाने वाले सवाल पर ईशान किशन ने तोड़ी चुप्पी, दिया करारा जवाब
मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शेड्यूल पर भी पड़ रहा है। अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच 13 से 25 मार्च के बीच UAE में प्रस्तावित व्हाइट बॉल सीरीज भी प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सीरीज को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
