फखर जमान (फोटो- सोशल मीडिया)
Fakhar Zaman Ball Tampering Ban: पीएसएल 2026 के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट में एक बड़ी खबर सामने आई है। स्टार बल्लेबाज फखर जमान को गेंद से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप में दो मुकाबलों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 31 मार्च को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फखर को आचार संहिता के स्तर-3 उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह मामला नियम 2.14 से जुड़ा है, जो गेंद से छेड़छाड़ की श्रेणी में आता है।
यह पूरा विवाद 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए Lahore Qalandars और Karachi Kings के मुकाबले के दौरान सामने आया। अंतिम ओवर से पहले मैदानी अंपायरों ने लाहौर की टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगाई और गेंद बदलने का फैसला किया।
फखर पर यह आरोप मैदानी अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान आफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर तारिक रशीद द्वारा लगाया गया। हालांकि, फखर जमान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया और फैसले को चुनौती देने का निर्णय लिया, जिसके बाद इस मामले में अनुशासनात्मक सुनवाई की गई।
सुनवाई के बाद मैच रेफरी Roshan Mahanama ने सबूतों की समीक्षा की और फखर की दलीलों को सुनने के बाद उन्हें दोषी करार दिया। सुनवाई के दौरान लाहौर के कप्तान Shaheen Afridi, टीम निदेशक समीम राणा और प्रबंधक फारूक अनवर भी मौजूद थे।
स्तर-3 उल्लंघन के तहत एक से दो मुकाबलों का प्रतिबंध लगाया जा सकता है, लेकिन फखर को अधिकतम सजा दी गई है। इसके चलते वह 3 अप्रैल को मुल्तान सुल्तान्स के खिलाफ और 9 अप्रैल को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे।
ये भी पढ़ें: मोहम्मद शमी का बड़ा खुलासा, आखिर कब थमेंगे रफ़्तार के कदम? संन्यास की खबरों पर दिया दिल जीतने वाला जवाब
फखर जमां पर लगा यह प्रतिबंध Lahore Qalandars के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक हैं। पीएसएल के नियमों के अनुसार, खिलाड़ी इस फैसले के खिलाफ 48 घंटे के भीतर तकनीकी समिति में अपील कर सकता है। अब देखने वाली बात होगी कि फखर इस फैसले को चुनौती देते हैं या नहीं और उनकी गैरमौजूदगी में लाहौर की टीम कैसा प्रदर्शन करती है।