अश्विन के बयान से मचा घमासान, CSK को डेवाल्ड ब्रेविस के कॉन्ट्रैक्ट पर देनी पड़ी सफाई

CSK Issues Clarification On Dewald Brevis’ Signing: रविचंद्रन अश्विन के डेवाल्ड ब्रेविस को ज्यादा पैसे देकर साइन करने वाले बयान पर चेन्नई सुपर किंग्स ने सफाई दी है।
अश्विन के बयान से मचा घमासान, CSK को डेवाल्ड ब्रेविस के कॉन्ट्रैक्ट पर देनी पड़ी सफाई
अश्विन और डेवाल्ड ब्रेविस (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

CSK Issues Clarification On Dewald Brevis’ Signing: आईपीएल 2025 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने सीजन के बीच साउथ अफ्रीका के युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस को टीम में शामिल किया था। उसके बाद ब्रेविस ने सीएसके लिए शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि, सीजन खत्म होने के कुछ समय बाद रविचंद्रन अश्विन के एक बयान से बड़ा घमासान मच गया। जिसके बाद सीएसके को सफाई देनी पड़ी।

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इस समय चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि डेवाल्ड ब्रेविस को शामिल करने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ज्यादा पैसे देने को तैयार थी। जिसके बाद यह मामला पूरी तरह से गरमा गया।

CSK ने दी सफाई

मामला को गंभीर होते देख चेन्नई सुपर किंग्स ने सफाई दी है। सीएसके ने डेवाल्ड ब्रेविस के अनुबंध पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज की अनुबंध प्रक्रिया लीग के नियमों के अनुसार थी।

सीएसके ने एक बयान में कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स स्पष्ट करती है कि टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के दौरान डेवाल्ड ब्रेविस को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में अनुबंधित करने की प्रक्रिया के दौरान फ्रेंचाइजी द्वारा की गई कार्रवाई आईपीएल के नियमों और दिशानिर्देशों के अनुसार थी।

गुरजपनीत सिंह की जगह ब्रेविस को किया गया था शामिल

बयान में आगे कहा गया कि अप्रैल 2025 में डेवाल्ड ब्रेविस को चोटिल गुरजपनीत सिंह के रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में 2.2 करोड़ रुपये की लीग फीस पर अनुबंधित किया गया था। गुरजपनीत सिंह को सऊदी अरब में आयोजित आईपीएल 2025 खिलाड़ी नीलामी में 2.2 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा गया था। आईपीएल के मौजूदा नियमों के अनुसार किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की अनुबंध राशि उस खिलाड़ी की कीमत से अधिक नहीं होनी चाहिए जिसकी जगह वह लेगा।

सीएसके ने 2.2 करोड़ में अपने साथ जोड़ा

ब्रेविस नीलामी में बिक नहीं सके थे और उन्हें सीएसके ने 18 अप्रैल को अनुबंधित करने के लिए उनके आधार मूल्य 75 लाख रुपये के ऊपर 2.2 करोड़ रुपये का भुगतान किया। सीएसके ने कहा कि ब्रेविस को आईपीएल खिलाड़ी दिशानिर्देश 2025-27 में विशेष रूप से ‘रिप्लेसमेंट प्लेयर्स' (स्थानापन्न खिलाड़ी) नियम के अंतर्गत अनुच्छेद 6.6 के अनुसार अनुबंधित किया गया था।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब अश्विन ने कहा कि सीएसके ब्रेविस को अनुबंधित करने के लिए अधिक भुगतान करने को तैयार थी क्योंकि कुछ अन्य आईपीएल टीमों की दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज के साथ बातचीत कीमत के कारण फलदायी नहीं रही थी। (भाषा इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com