Ranji Trophy: सुदीप घरामी की ऐतिहासिक पारी के बदौलत बंगाल सेमीफाइनल में, आंध्रा को पारी और 90 रनों से हराया
Ranji Trophy Elite 2025-26: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में आंध्र प्रदेश को पारी और 90 रनों से हराकर मुकाबले को जीत लिया। सुदीप कुमार घरामी तिहरा शतक से चूक गए।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
सुदीप घरामी (फोटो-सोशल मीडिया)
Bengal vs Andhra, 3rd Quarter-Final: सुदीप कुमार घरामी की करियर की सर्वश्रेष्ठ 299 रन की ऐतिहासिक पारी के दम पर बंगाल ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल मुकाबले में आंध्र प्रदेश को पारी और 90 रन से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मंगलवार को समाप्त हुए इस मुकाबले में बंगाल ने हर विभाग में दमदार प्रदर्शन करते हुए आंध्र की टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आंध्र की टीम अपनी पहली पारी में 295 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में बंगाल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी पहली पारी में 629 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और 334 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। बंगाल की इस पारी के हीरो रहे सुदीप कुमार घरामी, जिन्होंने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 299 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने मैच की दिशा पूरी तरह बदल दी।
दूसरी पारी में 244 रनों पर सिमटी आंध्र की पारी
फॉलोऑन खेलने उतरी आंध्र की टीम दूसरी पारी में भी बंगाल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 244 रन पर ढेर हो गई। इस तरह बंगाल ने मुकाबला पारी और 90 रन से अपने नाम कर लिया। पांचवें और अंतिम दिन आंध्र ने अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 64 रन से आगे बढ़ाई थी। हालांकि तब तक यह साफ हो चुका था कि आंध्र सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है और उसका लक्ष्य केवल पारी की हार से बचना था, जिसमें वह सफल नहीं हो सका।
सम्बंधित ख़बरें
Rohit Sharma का सबसे बड़ा सपना, भारत को नंबर-1 बनाने की जिद, कहा- विश्व क्रिकेट पर राज करना ही एकमात्र लक्ष्य
रोहित शर्मा की फिटनेस पर घमासान! BCCI के दावों के बीच MI के कोच का बड़ा बयान, दिया हैरान करने वाला ये बयान
Jasprit Bumrah ने 2 साल से नहीं खेला कोई ODI मैच, अब टीम इंडिया में वापसी के लिए BCCI ने तैयार किया ब्लूप्रिंट
Team India में अचानक हो गया बड़ा बदलाव, जानें किसे जाना पड़ा बाहर और किसकी हुई एंट्री?
यह भी पढ़ें: विश्व कप जीतने के बाद स्वदेश लौटे कप्तान आयुष म्हात्रे, ‘मास्टर ब्लास्टर’ ने दिया ये खास गुरुमंत्र- VIDEO
बंगाल की जीत में गेंदबाजों का योगदान भी अहम रहा। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 72 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा सूरज सिंधु जायसवाल ने दो विकेट लिए, जबकि आकाश दीप, सुमंता गुप्ता और अनुस्तुप मजूमदार को एक-एक सफलता मिली। भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आंध्र की दूसरी पारी में केवल तीन ओवर ही फेंके, हालांकि उन्होंने बंगाल की बल्लेबाजी के दौरान 53 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया।
शतक से चूके नीतीश रेड्डी
आंध्र की ओर से नीतीश कुमार रेड्डी ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने संघर्ष दिखाया। भारतीय ऑलराउंडर रेड्डी ने 144 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा रिकी भुई (30), त्रिपुराना विजय (46) और कालिदिंडी राजू (25) ने कुछ रन जरूर बनाए, लेकिन वे हार का अंतर ही कम कर सके। इस जीत के साथ बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां 15 फरवरी को उसका सामना जम्मू-कश्मीर से होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच खेला जाएगा।
