फ्री हिट, इम्पैक्ट प्लेयर और DRS से जुड़े नियमों में बदलाव, BCCI और ICC भी कर सकते हैं विचार
New T20 Rules: महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 2026 की शुरुआत 20 जून से हो चुकी है। इस लीग में फ्री हिट, इम्पैक्ट प्लेयर और DRS से जुड़े नियमों में बदलाव किए गए हैं।
- Written By: दिव्या सिंह
महाराजा ट्रॉफी केएससीए T20 2026 (सोर्स- सोशल मीडिया)
Maharaja Trophy KSCA T20 2026: महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 2026 में कुछ अहम नियमों में बदलाव किए गए हैं, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लागू हो सकते हैं। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) द्वारा लागू किए गए तीन नए नियमों का उद्देश्य खेल को अधिक निष्पक्ष और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इनमें फ्री हिट पर रन का नया प्रावधान, इम्पैक्ट प्लेयर नियम में बदलाव और DRS के बाद रन गिनने से जुड़ा संशोधन शामिल है।
महाराजा ट्रॉफी में लागू नए नियम के अनुसार, यदि बल्लेबाज फ्री हिट गेंद पर आउट होने जैसी स्थिति में पहुंच जाता है और केवल विकेट बचने के कारण रन दौड़ता है, तो उसे कोई रन नहीं मिलेगा। मौजूदा नियमों के तहत फ्री हिट पर गेंद स्टंप्स से टकराने या कैच होने जैसी स्थिति में बल्लेबाज रन दौड़ सकता है और वे रन टीम के खाते में जुड़ जाते हैं। लेकिन नए नियम के तहत केवल वैध रूप से बनाए गए रन, चौके या छक्के ही मान्य होंगे।
इम्पैक्ट प्लेयर नियम में पारदर्शिता
आईपीएल की तरह इस टूर्नामेंट में भी इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू है, लेकिन इसमें एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब टीमों को टॉस से पहले अपनी अंतिम प्लेइंग इलेवन की सूची जमा करनी होगी। टॉस के परिणाम के आधार पर अलग-अलग टीम संयोजन प्रस्तुत करने की अनुमति नहीं होगी। इस बदलाव से टीम चयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और फ्रेंचाइजियां अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारने पर जोर देंगी।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई इंडियंस से कट सकता है हार्दिक पांड्या का पत्ता, RR के धाकड़ ओपनर को शामिल करने की तैयारी में टीम
कीरोन पोलार्ड बने टी20 क्रिकेट के नए रन किंग, क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर बोले- ‘सॉरी यूनिवर्स बॉस’
एक ओवर में ठोक दिए 5 लगातार छक्के, छठा लगाने के चक्कर में आउट हुआ कैरेबियाई बल्लेबाज; टला युवराज जैसा रिकॉर्ड
वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद अफगानिस्तान को झटका, ICC ने कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी पर लिया सख्त एक्शन
DRS के बाद नॉट आउट होने पर रन होंगे मान्य
नए नियम के अनुसार, यदि ऑन-फील्ड अंपायर किसी बल्लेबाज को आउट दे देता है, लेकिन DRS या थर्ड अंपायर उस फैसले को पलटकर नॉट आउट कर देता है, तो बल्लेबाज द्वारा उस गेंद पर दौड़कर लिए गए रन टीम के स्कोर में जोड़े जाएंगे।
यह नियम खासतौर पर LBW जैसे मामलों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां बल्लेबाज रन पूरा कर चुका होता है, लेकिन आउट का फैसला आने के कारण गेंद को डेड घोषित कर दिया जाता है। अब फैसला पलटने पर वे रन भी मान्य होंगे।
ये भी पढ़ें- कीरोन पोलार्ड बने टी20 क्रिकेट के नए रन किंग, क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर बोले- ‘सॉरी यूनिवर्स बॉस’
क्या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी लागू हो सकते हैं ये नियम?
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि ये बदलाव खेल को अधिक निष्पक्ष बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकते हैं। खासकर DRS और फ्री हिट से जुड़े नियम कई बार विवाद का कारण बनते रहे हैं। यदि ये प्रयोग सफल रहते हैं, तो BCCI और ICC भविष्य में इन नियमों को बड़े टूर्नामेंटों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लागू करने पर विचार कर सकते हैं। माना जा रहा है कि फ्री हिट से जुड़ा संशोधन सबसे पहले वैश्विक स्तर पर अपनाया जा सकता है।
