यवतमाल: तीन मासूमों के अपहरण को एक महीना बीता, माता-पिता अब भी उम्मीद में बैठे, आरोपी अब तक फरार

Yavatmal Latest News: मारेगांव में बच्चों के अच्छे पालन-पोषण और पढ़ाई का लालच देकर तीन बच्चों का अपहरण करने वाला तेलंगाना का आरोपी देविदास वावरे अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
Yavatmal Latest News: मारेगांव में बच्चों के अच्छे पालन-पोषण और पढ़ाई का लालच देकर तीन बच्चों का अपहरण करने वाला तेलंगाना का आरोपी देविदास वावरे अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
तीनोें बच्चों अभी तक लापता (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Yavatmal News: अपने लापता बच्चों के लौट आने की आस में माता-पिता हर दिन उम्मीद का दीया जलाए बैठे हैं। 19 सितंबर को आरोपी देविदास अंबादास वावरे (निवासी निशानघाट, तहसील एवं जिला आदिलाबाद) ने तहसील के बोटोणी गांव के लक्ष्मण गोमा टेकाम के परिवार की गरीबी का फायदा उठाते हुए तीन बच्चों के अच्छे पालन-पोषण और शिक्षा की बात कहकर उनका अपहरण किया।

अगले ही दिन जब माता-पिता ने बच्चों के बारे में पूछने के लिए फोन किया, तो आरोपी का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। शक होने पर माता-पिता ने तेलंगाना जाकर आरोपी के घर में खोजबीन की, जहां जाकर उन्हें बच्चों के अपहरण की सच्चाई पता चली। घबराए हुए माता-पिता ने 23 सितंबर को मारेगांव पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में एक पथक तेलंगाना भेजा।

मोबाइल लोकेशन नहीं हो रहा ट्रेस

मगर आरोपी के घर पर ताला लगा मिला और इलाके में सघन तलाशी के बावजूद वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। अब इस घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आरोपी के पकड़े जाने की उम्मीद धुंधली होती जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक सरगना अपराधी है और उसका मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस नहीं हो पा रहा है। दूसरी ओर, पीड़ित माता-पिता को अब भी भरोसा है कि एक दिन पुलिस उनके बच्चों को ढूंढ निकालेगी।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस उपनिरीक्षक एवं जांच अधिकारी प्रवीण सुले ने बताया कि आरोपी विभिन्न राज्यों में अपराध करता रहा है। उसकी तलाश के लिए उस्मानाबाद, राजुरवाडी, नागपुर, आदिलाबाद आदि स्थानों पर टीमें भेजी गई हैं। आरोपी अब तक हाथ नहीं लगा है।

उसका वाहन और संदिग्ध पत्नी तक हम पहुंच चुके हैं। आरोपी की तलाश जारी है। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उनका मोबाइल नंबर बंद बताया गया। वहीं उक्त नंबर पर रिचार्ज नहीं किए जाने से इनकमिंग सेवा बंद किए जाने की कैसेट सुनाई दी गई।