
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Wardha Mental Patients: पिछले कुछ महीनों से वर्धा शहर में मानसिक विक्षिप्तों की संख्या बढ़ती जा रही है, जो आम नागरिकों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। ये लोग अचानक राहगीरों पर चिल्लाने लगते हैं या मारने के लिए दौड़ पड़ते हैं, जिससे शहरवासियों में दहशत का माहौल है। तीन दिन पूर्व आर्वी में एक मनोरोगी के हमले में दो लोगों की जान जाने की गंभीर घटना सामने आई। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।
वर्धा शहर के आर्वी नाका चौराहा, सोशलिस्ट चौराहा, बजाज चौक, कारला चौक, सेवाग्राम मार्ग, मुख्य मार्ग और बैचलर रोड पर मानसिक विक्षिप्त खुलेआम घूमते नजर आते हैं और अचानक लोगों को गालियां देने लगते हैं। तेज आवाजें सुनकर महिलाएं डरकर भागने लगती हैं। कई बार ये लोग हाथों में पत्थर या अन्य वस्तुएं लेकर घूमते हैं। एक मानसिक विक्षिप्त वाहन चालकों पर थूकता है और धूल व पत्थर फेंकता रहता है, जिससे राहगीरों और चालकों को गंभीर खतरा बना रहता है।
इन दिनों शहर में एक दर्जन से अधिक मानसिक विक्षिप्त सड़कों पर देखे जा रहे हैं। कुछ मानसिक विक्षिप्त खड़े वाहनों में तोड़फोड़ भी कर देते हैं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भी इनका जमावड़ा रहता है। इन्हें उनके परिजनों तक पहुंचाने या इलाज के लिए भेजने हेतु प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए हैं। सामाजिक संस्थाएं भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रही हैं। यदि इन्हें समय रहते उपचार के लिए भेजा जाए या परिजनों के सुपुर्द किया जाए, तो ये स्वस्थ हो सकते हैं। आर्वी की घटना के बाद शहरवासी प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि समय रहते इस समस्या पर ठोस कदम उठाए जाएं।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र बनेगा देश की इकोनॉमी का पावरहाउस, CM फडणवीस ने गणतंत्र दिवस पर पेश किया प्रगति का रोडमैप
अन्य शहरों से लोग मानसिक विक्षिप्तों को ट्रेन में बैठा देते हैं, जो वर्धा स्टेशन पर उतर जाते हैं। इसके बाद शहर की सड़कों पर उनका मुक्त विचरण शुरू हो जाता है। इनसे सबसे अधिक खतरा बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को रहता है। इस समस्या को गंभीरता से लेना आवश्यक है।
पुलिस के अनुसार, कोई व्यक्ति यदि न्यायालय में आवेदन देता है तो न्यायालय के आदेश पर मानसिक विक्षिप्तों को इलाज के लिए भेजा जाता है या उनके परिजनों की तलाश की जाती है। यदि कोई व्यक्ति या सामाजिक संस्था आगे आती है, तो प्रशासन कार्रवाई करने को तैयार है।






