Board Exam: कल से होगा 12वीं की अग्निपरीक्षा का आगाज, वर्धा में नकल रोकने उतरे 6 उड़न दस्ते, तैयारी पूरी

Maharashtra Board Exam 2026: 12वीं की बोर्ड परीक्षा कल से शुरू। नकल रोकने के लिए 6 उड़न दस्ते तैनात। 32,249 छात्र देंगे परीक्षा, केंद्रों पर पुलिस और सीसीटीवी का पहरा।
12th Board exams start Feb 10
बोर्ड की परीक्षा (AI Generated Image)
Updated on

12th Exam Start Date: महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल, पुणे द्वारा आयोजित की जाने वाली दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं के लिए शिक्षा विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। मंगलवार, 10 फरवरी से बारहवीं की परीक्षा आरंभ होगी। जबकि 20 फरवरी से दसवीं की परीक्षा शुरू होने जा रही है।

परीक्षाओं के दौरान नकल करने वालों पर सख्त कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग की ओर से 6 उड़न दस्तों का गठन किया गया है। ये दस्ते परीक्षा अवधि में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अचानक निरीक्षण करेंगे। जिले में दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं के लिए कुल 32,249 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।

परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। 10 फरवरी से 18 मार्च दौरान बारहवीं की परीक्षा ली जाएंगी। इसके लिए 16 हजार 619 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं 20 फरवरी से शुरू होने वाली दसवीं की परीक्षा में 15 हजार 630 विद्यार्थी पर्चा हल करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को असुविधा न हो इस लिए व्यापक उपाययोजना की गई है।

दसवीं के लिए 73 व बारहवीं के लिए 56 केंद्र

महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित दसवीं की परीक्षा जिले में 73 केंद्रों पर, जबकि बारहवीं की परीक्षा 56 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दसवीं की परीक्षा को विद्यार्थियों के लिए ‘टर्निंग पॉइंट’ माना जाता है, वहीं बारहवीं की परीक्षा भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसलिए नकल पर कड़ी नजर रखने के लिए शिक्षा विभाग ने 6 उड़न दस्ते गठित किए हैं।

हर परीक्षा केंद्र पर रहेंगे पुलिसकर्मी

दोनों परीक्षाएं जिले के प्रत्येक केंद्र पर निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त तरीके से संपन्न हों, इस पर शिक्षा विभाग का विशेष जोर रहेगा। किसी भी अनुचित घटना को रोकने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस कर्मी और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इस समय छात्र-छात्राएं अध्ययन में जुटे हुए हैं, वहीं शिक्षा विभाग सभी तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी कर रहा है।

माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2 दस्ते शामिल

दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं नकलमुक्त और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए कुल 6 उड़न दस्तों का गठन किया गया है। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के 2, प्राथमिक शिक्षा विभाग 1, योजना विभाग का 1, डायट का 1 तथा महिलाओं का 1 विशेष उड़न दस्ता शामिल है। जिन केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, वहां परीक्षा अवधि के दौरान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी रखी जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com