मेट्रो-9 के ‘बॉटल नेक’ फ्लाईओवर का डिवाइडर हटाया जा रहा, फिलहाल केवल दो लेन से शुरू होगा यातायात
Bottleneck Flyover Mumbai: मीरा-भाईंदर में मेट्रो-9 के बॉटल नेक फ्लाईओवर पर डिवाइडर हटाने का काम शुरू हो गया है।फिलहाल दो लेन से यातायात शुरू करने की योजना बनाई है।
- Written By: आंचल लोखंडे
Mira Bhayander traffic update (सोर्सः सोशल मीडिया)
Metro 9 Flyover Mira Bhayander: मीरा-भाईंदर – काशीमीरा-भाईंदर छत्रपति शिवाजी महाराज मुख्य मार्ग पर स्थित बहुचर्चित ‘बॉटल नेक’ फ्लाईओवर के दो लेनों के बीच की डिवाइडर दीवार हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। चार लेन से अचानक दो लेन में सिमट जाने के कारण चर्चा में आए इस फ्लाईओवर के संकरे हिस्से को चौड़ा करने की कवायद जारी है।
पुराने पेट्रोल पंप से शुरू होकर आजाद नगर स्थित धर्मकांटा तक जाने वाले इस फ्लाईओवर पर गोल्डन नेस्ट सर्कल के पास चार लेन अचानक दो लेन में बदल जाती हैं, जिससे यातायात पर दबाव बढ़ने और ‘बॉटल नेक’ जैसी स्थिति बनने की शिकायतें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर डिजाइन को लेकर उठे सवालों और वाहन चालकों की शिकायतों के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने सुधारात्मक कदम उठाए हैं।
100 मीटर तक डिवाइडर हटाने की योजना
सूत्रों के अनुसार, दोनों लेनों के बीच की डिवाइडर दीवार को लगभग 100 मीटर तक हटाकर आरसीसी से संरचनात्मक मजबूती दी जाएगी। दीवार की जगह सामान्य सड़कों पर उपयोग होने वाले छोटे डिवाइडर लगाए जाएंगे, जिससे संकरे हिस्से की चौड़ाई कुछ हद तक बढ़ाई जा सके।
सम्बंधित ख़बरें
दहिसर-काशीगांव मेट्रो को एक महीने में 10 लाख यात्री, स्टेशन के बाहर बढ़ा ट्रैफिक जाम
Thane Palghar MLC Election सीट पर BJP-शिवसेना में टकराव, महायुति में बढ़ी सियासी हलचल
मुंबई के जलाशयों में घटा जलस्तर: ठाणे में 10% पानी कटौती लागू, कई इलाकों में प्रभावित होगी जलापूर्ति
मेट्रो आई, टैक्सी भी दौड़ी…अब रिक्शा यूनियनों में बढ़ी बेचैनी! काशीगांव मेट्रो स्टेशन पर भीड़ से ट्रैफिक जाम
फिलहाल दो लेन ही रहेंगी चालू
एमएमआरडीए ने स्पष्ट किया है कि जब तक फ्लाईओवर के प्रारंभिक बिंदु (पुराना पेट्रोल पंप) से अंतिम बिंदु तक चारों लेनों का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक पूरे मार्ग पर केवल दो लेन ही यातायात के लिए खोली जाएंगी।
एमएमआरडीए के अनुसार, चार से दो लेन में बदलाव किसी डिजाइन त्रुटि का परिणाम नहीं है, बल्कि उपलब्ध सड़क चौड़ाई और भविष्य की योजना को ध्यान में रखकर यह संरचना तैयार की गई है। फ्लाईओवर को 2+2 लेन संरचना के रूप में विकसित किया गया है। दो लेन भाईंदर पूर्व के लिए और भविष्य में दो लेन भाईंदर पश्चिम कनेक्शन हेतु प्रस्तावित हैं।
ये भी पढ़े: नागपुर में दर्दनाक हादसा: पिता बनने की खुशी मातम में बदली, शराब पार्टी के दौरान गाड़ी के नीचे आने से मौत
दोबारा जांच के लिए सलाहकार नियुक्त
फ्लाईओवर की बनावट पर उठे सवालों को देखते हुए एमएमआरडीए ने एक परिवहन सलाहकार नियुक्त कर पुनः तकनीकी जांच कराने का निर्णय लिया है। प्राधिकरण ने कहा है कि सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं और यातायात पुलिस के मार्गदर्शन में ही पुल को चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा।
‘बॉटल नेक’ फ्लाईओवर में किए जा रहे इन सुधार कार्यों से फिलहाल यातायात को आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि पूर्ण समाधान चार लेन विस्तार पूरा होने के बाद ही संभव होगा। तब तक वाहन चालकों को सीमित लेन व्यवस्था में सावधानीपूर्वक यात्रा करनी होगी।
