Rain Update: ठाणे में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, ट्रैफिक जाम और जलभराव के बीच 4 जुलाई तक अलर्ट जारी
Thane Rain Update: ठाणे में दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश (117 मिमी) के कारण शीलफाटा और मुंब्रा में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने 4 जुलाई तक जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- Written By: रूपम सिंह
बारिश से जनजीवन बेहाल (सोर्स-सोशल मीडिया)
Thane Rain Update Mumbra Waterlogging: ठाणे शहर सहित पूरे जिले में दो दिनों से अच्छी बारिश हो रही है। बुधवार को ठाणे जिले में दिन भर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। घर से बाहर निकले लोगों को लोकल ट्रेन की लेट लतीफी एवं सड़कों पर ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। मुंबई-नाशिक हाईवे, मुंब्रा बाईपास, शीलफाटा, एमआईडीसी-महापे रोड और काशेली-काल्हेर रोड पर भयंकर ट्रैफिक जाम रही। मुंब्रा एवं शीलफाटा इलाके में पानी भरने से लोगों को बहुत अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पानी भरने से सड़क नाला बन गई थी। कई गाड़ियां कमर तक पानी में डूब गई, पूरा इलाका ट्रैफिक जाम की वजह से ब्लॉक हो गया। लोगों की मुश्किलों को देखते हुए ठाणे मनपा में विपक्ष के नेता शानू पठान खुद सड़क पर उतर कर लोगों को मदद करने का प्रयास किया।
रात साढ़े 9 बजे तक 117 मिमी वर्षा रिकार्ड
ठाणे शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। महापौर शर्मिला पिपलोलकर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर आवश्यक उपाय योजना का निर्देश दिया। मौसम विभाग ने ठाणे जिले में 4 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन की तरफ से अपील की गयी है कि यदि बहुत जरुरी नहीं हो तो बाहर की यात्रा न करें।
ठाणे में बुधवार को रात साढ़े 9 बजे तक 117 मिमी वर्षा रिकार्ड की गयी। मानसून इस साल देरी से सक्रिय हुआ है लेकिन पिछले दो दिनों से ठाणे शहर एवं आस-पास के इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कई स्थानों पर पेड़ एवं पेड़ों की डालियों के गिरने की खबर है। बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
36 करोड़ खर्च किए फिर भी कई गांवों में जल संकट, वर्धा में 906 उपाययोजनाएं कागजों पर मंजूर
Pune Airport Metro कॉरिडोर को अंतिम मंजूरी, कल्याणीनगर से मिलेगी सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी
किसानों को न्याय दो…यवतमाल विधायक ने मुंबई विधानभवन की सीढ़ियों पर किया आंदोलन
अगले 48 घंटे भारी! दिल्ली से मुंबई तक… इन राज्यों में कुदरत का ‘रेड अलर्ट’, चलेंगी तूफानी हवाएं
जिसकी वजह से वाहनों की गति धीमी हो गयी, शहर के घोडबंदर रोड पर कई स्थानों पर डामर एवं गिट्टी पानी में बह गये। सबसे अधिक परेशानी शीलफाटा इलाके में हुई। ट्रैफिक जाम की वजह से नौकरी पेशा वालों के साथ ही स्कूल जाने वाले विद्यार्थी घंटों फंसे रहे। रायगढ़ एवं पालघर जिले में गुरुवार को स्कूल बंद रहेंगे। वहीं ठाणे जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने हेतु स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने के लिए कहा है।
सड़कों पर तेज बहाव से पैदल यात्रियों को हुई परेशानी
इस बारिश का सबसे अधिक असर शीलफाटा और मुंब्रा इलाकों में दिखाई दिया। कुछ ही घंटों की बारिश में इस इलाके की सड़कें सचमुच नाला बन गईं। कई गाड़ियां कमर तक पानी में फंस गईं, कुछ गाड़ियां रुक गईं, जबकि कुछ जगहों पर ड्राइवरों को रास्ता ढूंढने के लिए अपनी जान बचाने के लिए जूझना पड़ा। बारिश तेज होने से शीलफाटा, मुंब्रा और राशिद कंपाउंड के कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया।
सड़क पर पानी का बहाव इतना बढ़ गया कि कई जगहों पर पैदल चलने वालों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। राशिद कंपाउंड इलाके में सड़क पर कमर तक पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को बहुत परेशानी हुई सड़क के किनारे खड़े ऑटो रिक्शा, कार और दोपहिया वाहनों की तस्वीरें पानी में डूबी हुई दिखी। शीलफाटा-मुंब्रा रोड ठाणे जिले की बहुत व्यस्त सड़क मानी जाती है। इस सड़क पर पानी जमा होने से ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह से ठप हो गया।
नालियों की फिर से सफाई
- महापौर शर्मिला पिंपलोलकर ने बुधवार को अधिकारियों के साथ शहर के निचले इलाकों का जायजा लिया।
- उन्होंने जांभली नाका स्थित पेढ्या मारुती परिसर, मासुंदा तालाब, वंदना टॉकीज परिसर, चिखलवाडी, भांजेवाडी सहित अन्य इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक उपाय योजना करने का निर्देश दिया।
- उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में जमा पानी को पंप की मदद से नालों में छोड़ने का काम किया जाए।उन्होंने यह भी आदेश दिया कि सड़कों के दोनों तरफ नालियों को फिर से साफ किया जाए ताकि उनकी पानी निकासी की क्षमता बढ़ सकें।
- महापौर के साथ ठाणे मनपा में शिवसेना के गुट नेता पवन कदम, नगरसेविका मृणाल पेंडसे, मनपा उपायुक्त जी।जी। गोदेपुरे, दीपक झिंजाड, सहायक आयुक्त सचिन
- बोरसे, स्वास्थ्य अधिकारी रानी शिंदे, कार्यकारी अभियंता मोहन कलाल, गुणवंत झांबरे, स्वच्छता निरीक्षक, उपमुख्य स्वच्छता निरीक्षक सहित दूसरे संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
