डिफेंस एकेडमी में भी रैगिंग...पूर्व सैनिक के बेटे ने किया सुसाइड! परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

NDA Cadet Suicide Case: पुणे पुलिस ने इस मामले को आकस्मिक मृत्यु के तौर पर दर्ज करते हुए कहा है कि, हमने गहन जांच शुरू कर दी है।
NDA cadet suicide
डिफेंस एकेडमी में भी रैगिंग...पूर्व सैनिक के बेटे ने किया सुसाइड! परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
Published on
Updated on

Pune News: पुणे के पास खडकवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में एक 18 वर्षीय कैडेट की संदिग्ध मौत ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। लखनऊ, उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाला पहले टर्म का कैडेट, अंतरिक्ष कुमार सिंह, 10 अक्टूबर 2025, शुक्रवार की सुबह हॉस्टल के अपने कमरे में मृत पाया गया। इस घटना के बाद मृत कैडेट के परिवार द्वारा सीधे 'रैगिंग' का आरोप लगाए जाने से यह मामला अब एक गंभीर मोड़ पर आ गया है।

क्या है पूरा मामला?

सुबह के नियमित शारीरिक प्रशिक्षण के लिए अंतरिक्ष की गैरहाजिरी पर, उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। तब वह अपने कमरे में बेडशीट से लटका हुआ मिला। उसे तुरंत खडकवासला के सैन्य अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उत्तम नगर पुलिस ने इस घटना को आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death Report) के रूप में दर्ज किया है। कोई सुसाइड नोट न मिलने की वजह से मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।

परिवार ने रैगिंग का लगाया गम्भीर आरोप

एक पूर्व सैनिक का बेटा, अंतरिक्ष कुमार सिंह, वायु सेना में अफसर बनने का सपना लेकर कुछ महीने पहले ही अकादमी में दाखिल हुआ था। हालांकि, उसके परिवार ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों से सीनियर कैडेट्स द्वारा अंतरिक्ष को काफी परेशान किया जा रहा था। हमने यह बात अकादमी के अधिकारियों को भी बताई थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। यह उत्पीड़न असहनीय होने की वजह से ही उसने यह कठोर कदम उठाया। यह रैगिंग का ही मामला है और हमें न्याय मिलना चाहिए।" परिवार ने पुणे पुलिस के पास भी अपना बयान दर्ज कराया है।

पुलिस और NDA प्रशासन की भूमिका

पुणे पुलिस ने इस मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज करते हुए कहा है कि, "हमने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सभी पक्षों की जांच के बाद ही मौत के असली कारण पर कुछ कहा जा सकता है। रैगिंग के आरोप की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।" इसी बीच, एनडीए प्रशासन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है।

अकादमी ने एक आधिकारिक बयान में, घटना के पीछे की परिस्थितियों की पूरी जांच के लिए 'कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' (Court of Inquiry) के आदेश दिए हैं। साथ ही, इस कठिन समय में परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com