Pune Chakan Electric Bus Fire Video: महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चाकण इंडस्ट्रियल एस्टेट में मंगलवार को एक चलती PMPML (पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड) बस अचानक आग का गोला बन गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि समय रहते ड्राइवर और कंडक्टर ने धुआं देख लिया और यात्रियों को तुरंत नीचे उतार दिया, जिससे किसी की जान नहीं गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह बस निगडी से महालुंगे MIDC मार्ग पर चल रही थी। यह एक इलेक्ट्रिक बस थी, जिसे विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए चलाया जा रहा था। चाकण के महेंद्र कंपनी के पास अचानक बस के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। माना जा रहा है कि आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
PMPML Bus Catches Fire In Chakan Industrial Estate; 50 Passengers Escape Unhurt pic.twitter.com/iOtqhVEBOm — Pune First (@Pune_First) February 13, 2026
जैसे ही बस के अगले हिस्से से धुआं उठना शुरू हुआ, बस चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और वाहन को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। कंडक्टर ने तुरंत सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट और मुख्य दरवाजे से बाहर निकलने के निर्देश दिए। यात्रियों के उतरने के चंद मिनटों के भीतर ही पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर देरी होती, तो भारी जनहानि हो सकती थी।
यह भी पढ़ें:- क्या अजित पवार के विमान था टाइम बम? NCP नेता आनंद परांजपे ने जांच में नए एंगल से मचाया हड़कंप
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना के कारण चाकण इंडस्ट्रियल एरिया में भारी ट्रैफिक जाम लग गया और कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने अब इस मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और PMPML की इलेक्ट्रिक बसों की सुरक्षा ऑडिट की मांग भी उठने लगी है।