धमाकों से दहला उप्पलवाड़ी: नागपुर की पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग, एक के बाद एक फटे 10 सिलेंडर!

Nagpur Factory Fire Uppalwadi: नागपुर के उप्पलवाड़ी में मेहाडिया एंटरप्राइजेस में भीषण आग! 8-10 एलपीजी सिलेंडरों में धमाका, 6 स्टेशनों की दमकल गाड़ियों ने 7 घंटे में पाया काबू।
Massive fire breaks out at Mehadia Enterprises in Uppalwadi, Nagpur.
नागपुर के उप्पलवाड़ी में आग (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Cylinder Blast Nagpur News: नागपुर के कपिलनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कामठी रोड स्थित उप्पलवाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार तड़के एक कारखाने में भीषण आग लग गई। कारखाने में रखे सिलेंडरों में एक के बाद एक ब्लास्ट होने से पूरा इलाका गूंज उठा। आसपास के परिसर के लोग भी दहशत के मारे घरों से बाहर निकलकर शोर मचाने लगे।

इस आगजनी में किसी भी प्रकार की जनहानि तो नहीं हुई लेकिन कारखाने में रखे पेपर रोल, ऑइल मशीनरी, लिफ्ट फोक, लिफ्ट व्हीकल, एलपीजी सिलेंडर, केमिकल ड्रम, फेविकॉल ड्रम, एसी, सिलिंग फैन व अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्राप्त जानकारी अनुसार कामठी रोड के उप्पलवाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में मेहाडिया एंटरप्राइजेस प्रा।लि। नामक कंपनी (कारखाना) है।

रैपर पैकिंग का होता था काम

सूत्रों के मुताबिक इस कंपनी में पैकेजिंग में इस्तेमाल किये जाना वाला प्लास्टिक टेप, फूड कंपनियों के रैपर पैकिंग का काम किया जाता था। सोमवार की रात काम खत्म होने के बाद सभी कामगार अपने-अपने घर चले गये। कारखाने को ताला लगा दिया गया था। केवल चौकीदार ही था जो मेन गेट पर ड्यूटी पर तैनात था। ऐसे में रात 12.30 से 12.45 बजे के बीच अचानक कारखाने से आग निकलती हुई दिखाई दी। किसी ने तुरंत इसकी जानकारी कंपनी के मालिक आजाद चौक, सदर, नागपुर निवासी मधुसूदन उदयप्रकाश मेहाडिया को दी और फिर अग्निशमन विभाग को भी दी।

एक के बाद एक हुए धमाकों से दहला क्षेत्र

जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, कारखानें में रखे 20-22 एलपीजी सिलेंडरों में से करीब 8-10 सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर फटने से जोर-जोर की आवाजें होने लगीं। धमाकों की आवाज से परिसर के लोग अपने घरों से बाहर निकलकर आये।

आग की तेज लपटें देखकर सब दहशत में आ गये। जानकारी अनुसार सिलेंडरों के कुछ टुकड़े हवा में उड़कर लोगों के घरों पर जा गिरे जिससे लोगों के घरों को नुकसान भी हुआ। कारखाने में जब आग लगी तब उस समय कारखाने में कोई नहीं था। जिससे बड़ी अनहोनी होने से टल गई।

6 स्टेशन से बुलाई गईं गाड़ियां

घटना की सूचना मिलने पर सुगतनगर स्टेशन, कलमना स्टेशन, सिविल लाइंस स्टेशन, वाठोडा, त्रिमूर्तिनगर स्टेशन से कुल 6 दमकल विभाग की गाड़ियां बुलाई गई। करीब 6-7 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया गया।

आग बुझाने के लिए 6 अग्निशमन स्टेशन के कुल 25 कर्मचारी और 4 अधिकारियों ने काफी मेहनत की। मंगलवार देर शाम तक कूलिंग करने का काम किया जा रहा था। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ। कपिलनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर इसकी जांच की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com