वाटर पार्क (सोर्स: सोशल मीडिया)
Jay Malhar Water Park Shirur Accident Case: पुणे जिले के शिरूर तालुका के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘मोराची चिंचोली’ से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित जय मल्हार कृषि पर्यटन केंद्र और वॉटर पार्क में एक गंभीर दुर्घटना के कारण 37 वर्षीय महिला की रीढ़ की हड्डी टूट गई। इस घटना ने पर्यटन केंद्रों पर सुरक्षा मानकों और प्रबंधन की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में शिरुर पुलिस स्टेशन में मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 21 मार्च 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। पिंपरी चिंचवड़ निवासी किरण मल्हारी नप्ते अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने वॉटर पार्क आए थे। किरण की शिकायत के अनुसार वॉटर पार्क में लगे स्लाइड का आनंद लेते समय उनकी भाभी अश्विनी संदीप नप्ते (37) अचानक अनियंत्रित होकर नीचे पानी में गिरीं। गिरने की स्पीड और लैंडिंग इतनी खतरनाक थी कि उनकी रीढ़ की हड्डी पर सीधा और गहरा प्रहार हुआ।
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि वॉटर पार्क में सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। स्लाइड के पास न तो कोई पेशेवर गाइड मौजूद था और न ही किसी भी तरह के सुरक्षा निर्देश दिए गए थे। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए भी वहां कोई फर्स्ट एड या मेडिकल टीम तैनात नहीं थी।
अश्विनी नप्ते को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी रीढ़ की हड्डी की चार कशेरुकाएं (Vertebrae) टूट गई हैं। उनकी स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है और वे लंबे समय तक बिस्तर पर रहने को मजबूर हो सकती हैं। एक छोटी सी लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें:- Mumbai Water Supply: घाटकोपर में पानी सप्लाई फिर शुरू, BMC ने 5 दिनों तक पानी उबालकर पीने की दी सलाह
किरण नप्ते की शिकायत पर शिरूर पुलिस ने जय मल्हार एग्री-टूरिज्म सेंटर के मालिक और मैनेजर के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस निरीक्षक संदेश केंजले के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक गोविंद खटिंग मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस पार्क के पास वैध लाइसेंस और जरूरी सुरक्षा प्रमाणपत्र (Safety Audit) मौजूद थे या नहीं।