प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Nashik Kumbh Mela 2026: नासिक महाराष्ट्र राज्य पुलिस सेवा में बड़े अधिकारियों के तबादलों की सुगबुगाहट के बीच अब नासिक पुलिस आयुक्तालय ने भी आंतरिक नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज कर दी है।
पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक आदेशानुसार, सिपाही से लेकर श्रेणी उप-निरीक्षक पद तक के कर्मचारियों से नियमित और विनंती (अनुरोध) तबादलों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
वर्ष 2026 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण और आगामी पर्वणियों को देखते हुए इन नियुक्तियों को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नियमानुसार एक ही स्थान पर 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को 25 फरवरी तक अपना आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
पहले तत्कालीन आयुक्तों द्वारा विनंती तबादले खारिज किए जाने और बाद में चुनाव आचार संहिता के कारण यह प्रक्रिया रुकी हुई थी, जो अब दोबारा शुरू हुई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, तबादलों में आवेदन के वरीयता क्रम को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका सबसे अधिक लाभ उन कर्मचारियों को मिल सकता है जो सेवानिवृत्ति के करीब हैं।
वहीं, विभाग के भीतर यह चर्चा भी जोरों पर है कि क्या वर्षों से एक ही ‘मलाईदार’ जगह पर जमे हुए कर्मचारियों को हटाया जाएगा? गोपनीय शाखा, विशेष शाखा और डीबी मोबाइल जैसे अनुभागों में बड़े बदलाव की प्रबल संभावना है।
आगामी सिंहस्थ के प्रबंधन को देखते हुए आयुक्तालय के अधिकारी और कर्मचारी इस बात पर नजर गढ़ाए हुए है कि उन्हें पुरानी जिम्मेदारी मिलेगी या नई चुनौतियों से रूबरू कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-सुखना नदी पुनर्जीवन परियोजना का आयुक्त ने किया निरीक्षण, सीवेज रोकने व व्यापक सुधार के निर्देश
पिछले वर्ष कई कर्मचारियों को उनके अच्छे ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर सेवा विस्तार दिया गया था, लेकिन इस बार “विशेष प्रयास” और प्रदर्शन के आधार पर नई नियुक्तियां तय होगी। इसी के साथ वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों के तबादलों पर भी सभी की निगाहें टिकी है।