पुणे पुलिस की गिरफ्त में नागपुर की युवती, शादी का झांसा देकर बुजुर्ग को ठगा

Pune police: नागपुर शहर की एक युवती को पुणे पुलिस ने ठगी के मामले में गिरफ्तार किया। इस युवती ने एक बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया।
पुणे पुलिस की गिरफ्त में नागपुर की युवती
पुणे पुलिस की गिरफ्त में नागपुर की युवती (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Crime: नागपुर शहर की एक युवती को पुणे पुलिस ने ठगी के मामले में गिरफ्तार किया। इस युवती ने एक बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया। विवाह का झांसा देकर रुपये ऐठने लगी। आखिर वरिष्ठ नागरिक ने पुलिस से शिकायत की। मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई युवती न्यू ओमनगर, हुड़केश्वर निवासी हर्षला राकेश डेंगले (28) बताई गई।

पुलिस ने उससे कुछ रकम भी जब्त की। मामला पुणे के बिबवेवाड़ी थाने का है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने एक अखबार में शादी से जुड़ा विज्ञापन पढ़ा था। उन्होंने उस विज्ञापन में दिए गए नंबर पर 18 अप्रैल, 2025 को संपर्क किया। कॉल पर बात करने वाली हर्षला डेंगले ने अपना नाम ममता जोशी बताया और धीरे-धीरे बुजुर्ग व्यक्ति से दोस्ती बढ़ाई।

11 लाख 47 हजार रुपए की धोखाधड़ी

बाद में उसने कहा, “मैं अभी कोल्हापुर में हूं। मेरी मौसी की बेटी का एक्सीडेंट हो गया है। इलाज के लिए तुरंत पैसे चाहिए। पुणे लौटने के बाद पैसे लौटा दूंगी।” ऐसे कई बहाने बनाकर उसने बुजुर्ग व्यक्ति से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 11 लाख 47 हजार रुपये मंगवाए। बाद में जब उसने बार-बार पैसे मांगने शुरू किए, तो बुजुर्ग को शक हुआ और उन्होंने 1 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

न्यायालय से मिल गई जमानत

तकनीकी जांच में यह बात सामने आई कि ठगी करने वाली हर्षला डेंगले ही थी और वह नागपुर में रह रही है। पुलिस की टीम नागपुर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हर्षला से तीन मोबाइल फोन और 11 लाख 45 हजार रुपये बरामद किए। गिरफ्तारी के बाद उसे शिवाजीनगर कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि न्यायालय ने उसे जमानत मंजूर कर दी।

ठगी के मामले बढ़ रहे

पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि आजकल शादी के नाम पर सोशल मीडिया और इंटरनेट पर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे किसी भी संदेश या विज्ञापन पर विश्वास करने से पहले जांच-पड़ताल जरूर करें। अगर शादी के लिए पंजीकरण करना हो तो केवल आधिकारिक वेबसाइटों का उपयोग करें और व्यक्तिगत जानकारी सावधानी से दें, ताकि उसका गलत इस्तेमाल न हो सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com