प्रभाग-17: मनोज साबले के भाजपा में जाने से कांग्रेस की राह हुई मुश्किल, कार्यकर्ताओं में हलचल

Manoj Sable joins BJP: नागपुर मनपा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश सचिव मनोज साबले भाजपा में शामिल। प्रभाग 17 से टिकट न मिलने की चर्चा के बाद बदला पाला। गडकरी-फडणवीस की मौजूदगी में प्रवेश।
Manoj Sable joins BJP: नागपुर मनपा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रदेश सचिव मनोज साबले भाजपा में शामिल। प्रभाग 17 से टिकट न मिलने की चर्चा के बाद बदला पाला। गडकरी-फडणवीस की मौजूदगी में प्रवेश।
भाजपा में शामिल मनोज साबले (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Nagpur News: मनपा चुनाव से पहले नागपुर में भी राजनीतिक पाला-बदली शुरू हो गई है। कांग्रेसनिष्ठ और पिछले 2 दशकों से मनपा में नगरसेवक पद संभालने वाले तथा वर्तमान में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की टीम में प्रदेश सचिव मनोज साबले ने रविवार को भाजपा में प्रवेश किया। उनका यह प्रवेश कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है।

साबले दंपति कॉटन मार्केट परिसर में लोकप्रिय हैं और जनता के लिए तत्पर रहने वाले नगरसेवक के रूप में उनकी पहचान है। जानकारी के अनुसार, मनपा चुनाव में प्रभाग क्रमांक 17 से उन्हें कांग्रेस की उम्मीदवारी नहीं मिलने की सूचना मिलने के बाद ही उन्होंने भाजपा का दामन थामा, ऐसी जोरदार चर्चा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में शहराध्यक्ष दयाशंकर तिवारी के हाथों उनका पार्टी प्रवेश हुआ।

2002 में नगरसेवक, फिर पत्नी के नाम काम

मनोज साबले वर्ष 2002 से मनपा में नगरसेवक हैं। उनका प्रभाग महिला आरक्षित होने के बाद उनकी पत्नी हर्षला साबले पिछले 2 कार्यकाल से कांग्रेस की नगरसेविका हैं। कॉटन मार्केट परिसर में साबले दंपति ने अच्छा काम किया है। गांधीसागर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए उन्होंने व्यापक कार्य किए। कांग्रेस और भाजपा, दोनों के शासनकाल में उन्होंने विकास निधि उपलब्ध कराई।

मेडिकल, रामबाग, अजनी का कुछ हिस्सा तथा रामेश्वरी क्षेत्र प्रभाग क्रमांक 17 में आते हैं। विस्तृत प्रभाग होने के बावजूद साबले ने सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किए जिससे उनकी पहचान हर जगह बनी।

तिवारी को टिकट के संकेत, इसलिए लिया फैसला

ऐसा राजनीतिक हलकों में कहा जा रहा है कि नये राजनीतिक समीकरण में इस बार वे स्वयं प्रभाग क्रमांक 17 से पार्टी से उम्मीदवारी मांग रहे थे। हालांकि इस बार पूर्व नगरसेवक एवं कांग्रेस शहराध्यक्ष विकास ठाकरे के करीबी सहयोगी गुड्डू तिवारी ने भी इसी प्रभाग से दावा पेश किया। तिवारी को उम्मीदवारी मिलने के संकेत मिलने के कारण ही साबले ने भाजपा का कमल हाथ में लिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com